नोएडा सोसायटियों में बेसमेंट ईवी चार्जिंग को लेकर सुरक्षा पर सवाल, नई नीति की मांग
नोएडा की सोसायटियों के बेसमेंट में बने ईवी चार्जिंग पॉइंट सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे आग लगने का बड़ा खतरा है। 2022 की नीति पुराने च ...और पढ़ें

नोएडा की सोसायटियों के बेसमेंट में बने ईवी चार्जिंग पॉइंट सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं।
प्रवेंद्र सिंह सिकरवार, नोएडा। शहर में ईवी वाहनों की संख्या तो बढ रही है, लेकिन वाहनों के लिए बनाए जा रहे चार्जिंग प्वाइंट में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हुआ। अधिकांश सोसायटियों के बेसमेंट में चार्जिंग प्वाइंट बना दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग और विद्युत सुरक्षा निदेशालय की ओर से बेसमेंट में बने चार्जिंग प्वाइंट को भी असुरक्षित बताया गया।
यह सभी चार्जिंग प्वाइंट 2022 से पहले बनाए गए। 2022 में नोएडा प्राधिकरण ने बोर्ड मीटिंग में ईवी चार्जिंग स्टेशन की पालिसी को मंजूरी दी। पालिसी 2022 में बनने की वजह से इससे पहले सोसायटी में बन चुके ईवी चार्जिंग प्वाइंट पर यह लागू नहीं हो सकी।
ईवी वाहन खरीदने वालों को सोसायटी प्रबंधन अब भी एकल कनेक्शन दे रहा है। यह गाडियां बेसमेंट में चार्ज हो रहीं हैं। प्रबंधन ने वाहन मालिक का लोड़ बढाकर उसको कनेक्शन दे दिया है। इसके बाद भी यहां मानकों का पालन नहीं हुआ। जिन सोसायटियों में चार्जिंग प्वाइंट नहीं है उनका लोड बढाकर प्रबंधन की ओर से बेसमेंट में ही वाहन चार्जिंग के इंतजाम किए हैं।
बेसमेंट में ईवी चार्जिंग के दौरान आग लगने की घटना होने पर बडी घटना हो सकती है। आग की चपेट में कई वाहन आ सकते हैं। बेसमेंट में लगी आग को बुझाना और काबू पाना भी आसान नहीं होता है। नोफा (नोएडा फेडरेशन आफ अपार्टमेंट आनर्स एसोसिएशन) ने डीएम से मुलाकात कर ईवी चार्जिंग नीति बनाने और प्रभावी रूप से लागू करने का अनुरोध किया।
खबरें और भी
सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसायटी के बेसमेंट में ईवी वाहन चार्ज हो रहे हैं। यहां ईवी वाहन मालिकों को अलग से चार्जिंग का कनेक्शन तो दिया है लेकिन, वाहन पार्किंग में ही चार्ज हो रहे हैं। सेवन-एक्स क्षेत्र की अधिकांश सोसायटियों में यही स्थिति है। सेक्टर-137 क्षेत्र में बनी छह से अधिक सोसायटियों के बेसमेंट में ईवी चार्जिंग प्वाइंट बनाए गए हैं।
स्टिल्स पार्किंग में बन सकते हैं ईवी चार्जिंग स्टेशन
नोएडा प्राधिकरण ने 2022 में पालिसी बनाई। इसमें ईवी वाहनों के लिए कुल पार्किंग के 20 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित करने और ईवी चार्जिंग प्वाइंट स्टिल्ट पार्किंग या ओपन क्षेत्र में ही बनाने की मंजूरी दी गई। इस पालिसी का असर उन पुरानी सोसायटियों पर नहीं पड़ा, जहां पहले से बेसमेंट में चार्जिंग प्वाइंट लग चुके थे। यहां अब भी ईवी वाहन बेसमेंट में ही चार्ज हो रहे हैं।
जिला प्रशासन से जिले में ईवी चार्जिंग नीति बनाने के लिए अनुरोध किया गया। एक स्पष्ट एवं एकरूप नीति से वर्तमान में ईवी चार्जिंग को लेकर बनने वाले विवाद, भ्रम और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान होगा।
- सुरोजीत दासगुप्ता, महासचिव, नोफा
सोसायटी के ओपन एरिया में ईवी चार्जिंग प्वाइंट बनने चाहिए। अधिकांश लोग अब ईवी वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं। इस पर प्रशासन और प्राधिकरण को गभीरता से निर्णय लेना चाहिए।
- वीके गुप्ता, निवासी सुपरटेक केपटाउन
ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभी से ध्यान देने की जरूरत है। आगे ईवी का ही दौर है। जरूरी है कि जनसुरक्षा और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर ही ईवी चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएं।
-संवरजीत सिंह, निवासी गौर स्पोर्ट्सवुड
यह भी पढ़ें: आवारा कुत्तों से लेकर नीलगाय-बंदर तक को मिलेगा आश्रय, ग्रेटर नोएडा में 3 एकड़ में बनेगा एनिमल शेल्टर