Expo Mart जाने वालों के लिए बड़ी राहत, नोएडा में परी चौक से पहले बनेगा नया यू-टर्न; जाम पर लगेगा ब्रेक
परी चौक पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर नया यूटर्न बनाया जा रहा है। यह यूटर्न अगले दो-तीन दिनों में तैयार हो जाएगा, ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
परी चौक पर यातायात दबाव कम करने को यूटर्न।
एक्सपो मार्ट आगंतुकों, छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ।
अगले तीन दिनों में यूटर्न होगा पूरी तरह क्रियाशील।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। परी चौक पर वाहनों का दबाव करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर नया यूटर्न बनाना शुरू कर दिया है। यह अगले दो-तीन दिनों में बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर करीब 20 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
नालेज पार्क स्थित एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के आगंतुक समेत नालेज पार्क में पढ़ने वाले करीब तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों को भी इसका फायदा मिलेगा। परी चौक से आधा किलोमीटर पहले परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक्सप्रेसवे के सेंट्रल वर्ज को काटकर यूटर्न तैयार किया जा रहा है।
यहां पक्की सड़क के बजाय इंटरलाकिंग टाइल्स लगाई जाएगी और डिवाइडर की दीवार की जगह जर्सी बैरियर लगाए जाएंगे। 25 से 29 सितंबर तक एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल शो में आने वाले आगंतुकों को भी इसका फायदा मिलेगा।
गलगोटिया अंडरपास का बेहतर विकल्प बनेगा यूटर्न
एक्सप्रेसवे पर बन रहा नया यूटर्न नालेज पार्क स्थित गलगोटिया अंडरपास का भी बेहतर विकल्प बनेगा। अभी परीचौक से नोएडा, दिल्ली, आगरा, लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सेक्टर अल्फा कमर्शियल बेल्ट, आइटीबीपी गोलचक्कर, सेक्टर स्वर्ण नगरी, पी थ्री, ओमेगा होकर एक्सप्रेसवे की ओर जाना पड़ता है।
खबरें और भी
नोएडा से परी चौक की तरफ आने वाले वाहन चालक परी चौक से पहले ही राइट टर्न लेकर सीधे गंतव्य की ओर जा सकेंगे। उन्हें परी चौक गोलचक्कर तक आने की जरूरत नहीं होगी।
इसी तरह से एक्सपो मार्ट में आयोजित कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों को भी वापसी में नोएडा, दिल्ली, आगरा, लखनऊ, कानपुर की तरफ जाने के लिए गलगोटिया अंडरपास और परी चौक का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
3 दिन में होगा क्रियाशील
वर्क सर्किल-4 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम के अनुसार इस यूटर्न को अगले तीन दिनों में पूरी तरह तैयार कर क्रियाशील करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर करीब 20 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
प्राधिकरण इस यूटर्न को यूपीआइटीएस को ध्यान में रखकर भी बना रहा है, ताकि बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक सुगम बना रहे। सूत्रों के मुताबिक, 12 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन के दौरान भी इस यूटर्न का उपयोग किया जा सकता है।
रोज 1.5 लाख वाहन चालकों को मिलेगा राहत
परी चौक ग्रेटर नोएडा का सबसे व्यस्त गोलचक्कर है। यहां से प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं। पीक आवर्स में लंबा जाम लगना आम बात है।
नया यूटर्न शुरू होने के बाद एक्सप्रेसवे से आने-जाने वाले वाहनों को परी चौक पर यूटर्न के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे गोलचक्कर पर दबाव सीधे कम होगा। अधिकारियों का कहना है कि इंटरलाकिंग टाइल्स और जर्सी बैरियर वाला यह अस्थायी यूटर्न फिलहाल ट्रैफिक टेस्टिंग के लिए है। अगर यह सफल रहा तो आगे इसे पक्के यूटर्न में बदला जाएगा।
शहर के लोगों ने उठाए सवाल
शहर के कुछ लोगों ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यूटर्न बनाने का विरोध भी जताया है। समाजसेवी आलोक सिंह का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर यूटर्न के बजाय एक्सपो मार्ट के सामने से एलिवेटेड यूटर्न बनाया जाना चाहिए। अमित उपाध्याय का कहना है कि परी चौक पर पहले से ही वाहनों का अधिक दबाव है।
ऐसे में उसके आसपास यूटर्न बनाने से जाम की समस्या बढ़ सकती है। वहीं सेक्टर अल्फा एक निवासी संजीव शर्मा का कहना है कि प्राधिकरण का यह कदम स्वागत योग्य है। एक्सपो मार्ट और नालेज पार्क से आने वाले वाहन चालकों को काफी सहूलियत होगी।