गाजियाबाद आउटर रिंग रोड: सिटी फॉरेस्ट-दुहाई मार्ग निर्माण का रास्ता साफ, लाखों लोगों को मिलेगी जाम से राहत
गाजियाबाद में सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक 5.8 किमी लंबी आउटर रिंग रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, जिसके लिए जीडीए ने 90.91 करोड़ रुपये का टेंडर ज ...और पढ़ें

सिटी फारेस्ट-दुहाई आउटर रिंग रोड निर्माण का रास्ता साफ। (AI Generated Image)
HighLights
सिटी फारेस्ट-दुहाई आउटर रिंग रोड निर्माण को मिली मंजूरी।
जीडीए ने 90.91 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया।
राजनगर एक्सटेंशन समेत 2 लाख लोगों को मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सिटी फारेस्ट से दुहाई तक प्रस्तावित 5.8 किलोमीटर लंबी और 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए प्राधिकरण ने 90.91 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।
परियोजना के तहत सड़क के साथ सीवर, नाला, सर्विस रोड, डिवाइडर और फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर कार्यदायी संस्था एक वर्ष के भीरत निर्माण कार्य पूरा करेगी।
आउटर रिंग रोड परियोजना से राजनगर एक्सटेंशन की आवासीय सोसायटियों समेत करीब दो लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह सड़क नूरनगर, मोरटी, अटौर, भोवापुर, मोरटा और शाहपुर निज मोरटा से होकर गुजरेगी। इसी कारिडोर में जीडीए की महत्वाकांक्षी हरनंदीपुरम टाउनशिप, एयरो सिटी परियोजना और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं।
नई आउटर रिंग रोड तैयार होने के बाद मुरादनगर और मोदीनगर की ओर जाने वाले वाहन शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों में प्रवेश किए बिना सीधे आवाजाही कर सकेंगे। मौजूदा समय में अधिकांश यातायात जीटी रोड और एनएच-9 पर निर्भर है, जहां व्यस्त समय में अक्सर लंबा जाम लगता है।
जीडीए की यातायात अध्ययन रिपोर्ट में भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम शुरू होने के बाद क्षेत्र में यातायात दबाव बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिसमें प्रमुख चौराहों को विकसित करने, टी-जंक्शनों पर बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षित प्रवेश-निकास व्यवस्था की आवश्यकता बताई गई है।
20 अगस्त को खुलेंगी तकनीकी बोलियां
प्राधिकरण की ओर से चार अगस्त को आउटर रिंग रोड निर्माण के लिए टेंडर निकाला गया है। पांच अगस्त से प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। इस परियोजना के निर्माण को लेकर इच्छुक एजेंसियां 18 अगस्त शाम पांच बजे तक आनलाइन आवेदन कर सकेंगी। जीडीए के मुताबिक इसकी तकनीकी बोलियां 20 अगस्त को खोली जाएंगी।
खबरें और भी
इस मार्ग बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। राजनगर एक्सटेंशन में 70 से अधिक ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों के लोगों के अलावा शहर के अन्य लोगों की आवाजाही रहती है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, हरनंदीपुरम आवासीय योजना और एरोसिटी थीम टाउनशिप जैसी परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं। यातायात का दबाव बढ़ेगा, लेकिन इस परियोजना से नियंत्रित होगा। - आलोक रंजन, मुख्य अभियंता जीडीए
यह आउटर रिंग रोड भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है और इससे राजनगर एक्सटेंशन समेत आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी। साथ ही, सड़क के डिवाइडर, ट्रैफिक सिग्नल और पैदल पथ विकसित करने पर करीब 15 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च किए जाएंगे। - नन्द किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए
यह भी पढ़ें- साहिबाबाद में निर्माणाधीन साइट पर गार्ड ने नाबालिग को गोली मारी, मौके पर हो गई मौत