आज बंद रहेंगे नोएडा-ग्रेटर नोएडा के स्कूल और कॉलेज, भारी वाहनों की एंट्री बैन; जेवर-खुर्जा मार्ग डायवर्ट
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज मंगलवार को बंद रहेंगे। सोमवार को निजी स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कीं, ...और पढ़ें

कांवड़ यात्रा के मौके पर आज स्कूल बंद रहेंगे। (फोटो सौजन्य- Adobe Stock)
HighLights
गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
कांवड़ यात्रा के कारण सभी स्कूलों में अवकाश घोषित।
भारी वाहनों की एंट्री बैन, जेवर-खुर्जा मार्ग डायवर्ट।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। कांवड़ यात्रा को मद्देनजर रखते हुए गौतमबुद्ध नगर के स्कूलों में मंगलवार का अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल और कॉलेज मंगलवार को बंद रहेंगे। वहीं सोमवार को प्राइवेट स्कूल आनलाइन मोड पर संचालित हुए।
अभिभावकों ने बताया कि स्कूलों की ओर से ग्रुप पर संदेश आया था, कांवड़ यात्रा को देखते हुए बच्चों की कक्षाएं ऑनलाइन मोड पर संचालित होंगी। वहीं सरकारी स्कूलों की रोजाना की तरह ही कक्षाएं संचालित की गईं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि शासन के निर्देश पर मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि आदेश के पालन नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभी स्कूलों को निर्देश दे दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा के चलते मंगलवार को स्कूल बंद रहेंगे। यदि किसी भी स्कूल के खुले होने की जानकारी मिलती है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद
कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी है। जेवर, जहांगीरपुर, दनकौर और रबूपुरा क्षेत्र में पुलिस ने गश्त बढ़ाकर कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है।

कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद पुलिसकर्मियों को प्रमुख मार्गों, चौराहों और संपर्क मार्गों पर तैनात किया गया है। कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त की जा रही है।
जेवर-खुर्जा मार्ग डायवर्ट
जेवर क्षेत्र में कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जेवर-खुर्जा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही सोमवार सुबह से पूरी तरह बंद कर दी गई है। पुलिसकर्मी मार्गों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं और वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
खबरें और भी
वहीं दनकौर और रबूपुरा में भी कांवड़ मार्गों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। सोमवार पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्ग और नानकेश्वर महादेव मंदिर का डीएम मेधा रूपम के साथ दौरा करते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। किसी भी स्थिति में कांवड़ियों को परेशानी न हो और मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।