विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-फरीदाबाद से Noida Airport पहुंचना होगा आसान, एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से आगरा-लखनऊ का सफर भी सुपरफास्ट

Updated: Mon, 01 Jun 2026 09:34 PM (IST)

डीएनडी फ्लाईवे से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी का रास्ता साफ हो गया है। एनएचएआई यमुना नदी के किनारे 10 लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाएगा, जिससे दिल्ली, फरीदाबाद और नोएडा के लोगों को फायदा होगा।

10 लेन के नए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का रास्ता साफ। फोटो: एआई जनरेटेड

10 लेन के नए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का रास्ता साफ। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. डीएनडी से नोएडा एयरपोर्ट तक 10 लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसव

  2. एनएचएआई करेगा निर्माण, 35.1 किमी लंबी परियोजना

  3. दिल्ली, फरीदाबाद, नोएडा के लिए एयरपोर्ट पहुंच आसान

कुंदन तिवारी, जागरण नोएडा। दिल्ली बॉर्डर से यमुना नदी के किनारे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधे कनेक्टविटी का रास्ता साफ हो गया है। नोएडा डीएनडी फ्लाईवे से यमुना नदी के बांध के किनारे दस लेन की एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा।

अभी बांध पर सड़क बनाने की योजना थी, लेकिन उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने इसमें अडंगा लगा रखा था। सिंचाई विभाग द्वारा एनओसी न देने के कारण योजना खटाई में पड़ी थी।

सिंचाई विभाग की आपत्ति के बाद बदला गया प्लान

अब तय किया गया है कि बांध के समांतर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। इसका निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) करेगा। यह आठ लेन का होगा। दो लेन एग्जेस्टिंग होंगी।

इसकी लंबाई करीब 35.1 किलोमीटर होगी। ग्रेटर नोएडा से आगरा तक बने यमुना एक्सप्रेसवे से भी इसे जोड़ा जाएगा। इसके बनने से खासकर नोएडा, फरीदाबाद, बदरपुर, पूर्वी व दक्षिण दिल्ली में रहने वाले लोगों को मिलेगा।

वह कम समय में बिना किसी अवरोध के एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। 15 जून से एयरपोर्ट से हवाई जहाज की उड़ान शुरू होगी।

पहले यमुना तटबंध पर सड़क बनाने की थी योजना

बता दें कि नोएडा के ओखला बैराज से ग्रेटर नोएडा के घरबरा तक यमुना नदी के बांध से होते हुए एक सीधी सड़क बनाने की येाजना थी।घरबरा से एयरपोर्ट तक कनेक्टिवटी मार्ग बनाकर जोड़ने की योजना थी, लेकिन सिंचाई विभाग ने इसकी अनुमति नहीं दी। सिंचाई विभाग इस बात पर अड़ा रहा है कि यमुना तटबंध के किनारे नया एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाए।

तीनों प्राधिकरण और NHAI ने लिया फैसला

तीनों प्राधिकरणों ने सोमवार को NHAI अधिकारियों के साथ बैठकर निर्णय लिया कि अब इसे नोएडा डीएनडी फ्लाइवे स्थित टोल प्लाजा से यमुना तटबंध के किनारे गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी (घरबरा गांव) तक बांध के सामांतर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाए।

परियोजना के तैयार होने से नोएडा के साथ फरीदाबाद, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली के लोगों को सबसे अधिक फायदा होगा। वह नोएडा में बिना प्रवेश किए बिना सीधे एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।

आगरा, कानपुर, लखनऊ, ग्वालियर व झांसी जाने वाले लोग भी नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से जाने के बजाय कम समय में एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से जा सकेंगे। वाहन यात्री ग्रेटर नोएडा में गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के पास एलिवेटेड से यमुना एक्सप्रेसवे पर आ जाएंगे और वहां से सीधे आगरा, मथुरा जा सकेंगे। इससे कम समय लगेगा।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति रहने के कारण दिल्ली की तरफ से यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचने में अधिक समय लग जाता है। एलिवेटेड से वाहन यात्रियों को गाड़ी का ब्रेक तक नहीं लगाना पड़ेगा।

शासन स्तर पर मिली NHAI को जिम्मेदारी

नोएडा प्राधिकरण अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल ने बताया कि सोमवार को उत्तर प्रदेश शासन स्तर पर NHAI को इस परियोजना की जिम्मेदारी देने को लेकर आनलाइन बैठक की गई।

सभी ने NHAI को इस परियोजना को देने की अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी। अक्षरधाम से NHAI की दो परियोजनाएं गुजर रही है, जिसमें दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे और दूसरी दिल्ली सहारनपुर एक्सप्रेसवे है।

डीएनडी फ्लाइवे बनेगा बड़ा कनेक्टिविटी हब

NHAI की दोनों परियोजना की लिंक लाइन नोएडा की ओर मयूर विहार के रास्ते आ रही है, जो नोएडा प्राधिकरण की चिल्ला रेग्यूलेटर के पास चिल्ला एलिवेटेड रोड से जुड़कर महामाया फ्लाईओवर तक पहुंच जाएंगी। पूर्व में NHAI ने इस परियोजना की फिजीबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के लिए कंसल्टेंट कंपनी को नोएडा प्राधिकरण भेजा था।

यमुना तटबंध के रास्ते सेक्टर-94 से ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के पास घरबरा गांव तक इस रूट की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गई, उधर, NHAI ने दक्षिणी दिल्ली में सराय काले खां से बड़ौदा तक एक्सप्रेसवे तैयार कर दिया।

जिससे डीएनडी फ्लाईवे जुड़ता है, इसी डीएनडी फ्लाइवे से मयूर विहार लिंक लाइन है, जो अक्षरधाम व सहारनपुर हाइवे से जुड़ रहा है। तीसरा चिल्ला रेग्यूलेटर से महायामाया फ्लाइओवर तक तैयार होने वाला चिल्ला एलिवेटेड रोड का दो लूप डीएनडी फ्लाइवे से जुड़ रहे है।

इसलिए डीएनडी फ्लाइवे तीन हाइवे का बड़ा जंक्शन प्वाइंट बनना तय माना जा रहा है। इसलिए NHAI ने तीनों हाइवे के यातायात को यमुना एक्सप्रेसवे तक आसानी से पहुंचाने के लिए यमुना किनारे डीएनडी फ्लाइवे के एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने की परियोजना को अपने पास ले लिया है।

यह भी पढ़ें- नया नोएडा को सौगात; गंगा एक्सप्रेसवे और Noida एयरपोर्ट से सीधे जुड़ेगा, 72km के Link Expressway को मंजूरी