यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का मास्टर प्लान तैयार, आंध्र प्रदेश के पूर्व सांसद शेख मस्तान को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
कांग्रेस गौतमबुद्ध नगर में अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए 'संगठन सृजन अभियान' चला रही है, जिसकी कमान आंध्र प्रदेश के पूर्व सांसद शेख मस्तान वली को सौं ...और पढ़ें

मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी।
HighLights
कांग्रेस ने गौतमबुद्ध नगर में 'संगठन सृजन अभियान' शुरू किया।
आंध्र प्रदेश के पूर्व सांसद शेख मस्तान वली को कमान मिली।
गुटबाजी खत्म कर 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति बनेगी।
धर्मेंद्र चंदेल, नोएडा। यह क्षेत्र कभी कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। पार्टी के विधायक और सांसद दोनों यहां चुने जाते थे। कार्यकर्ताओं की भीड़ और झंडे हर गली में दिखते थे, लेकिन 1990 के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई। संगठन भी कमजोर हुआ।
वहीं, पार्टी में उचित सम्मान न मिलने के कारण कई बड़े और जमीनी नेता एक-एक कर दूसरे दलों में चले गए। वह दूसरे प्रदेशों में जाकर विधायक बने। यहां कांग्रेस रसातल में चली गई। पार्टी की अब एनसीआर में पैर जमाने की नई कोशिश है।
संगठन सृजन अभियान शुरू
इसके लिए गौतमबुद्ध नगर से वापसी की लड़ाई शुरू होगी। संगठन सृजन अभियान शुरू किया गया है। इसकी बागड़ोर आंध्र प्रदेश के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व सांसद शेख मस्तान वली को सौंपी है। वह बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर गुटबाजी और पार्टी के रसातल में पहुंचने की जमीनी हकीकत जानेंगे।
वहीं, दल छोड़कर गए नेताओं की भरपाई के लिए नए और विश्वसनीय चेहरे तलाशने के साथ दशकों की गुटबाजी को खत्म कर एकजुट संगठन खड़ा करने की कोशिश होगी। निर्णायक बैठक 11 अगस्त को होगी।
अभियान में पार्टी कितनी सफल होगी, यह तो भविष्य के गर्भ में हैं, लेकिन कांग्रेस यह जान चुकी है कि अगर अब नहीं संभले तो मौका हाथ से निकल जाएगा।
कई नेता छोड़ गए पार्टी
बता दें कि बीते सालों में पश्चिमी उप्र के संगठन पर ऐसे कांग्रेसियों का नियंत्रण हो गया, जिन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर अपने करीबियों को आगे बढ़ाया। नोएडा के जोगिंदर अवाना की पार्टी में उपेक्षा हुई तो उन्होंने बसपा का दामन थाम, राजस्थान से चुनाव लड़ा और विधायक बने। पार्टी को मजबूती देने वालों में शुमार डाक्टर महेंद्र नागर सपा में व राजेंद्र अवाना भाजपा में चले गए।
खबरें और भी
मिल्क किंग के नाम से मशहूर थे चौधरी वेदराम
नोएडा पूर्व में दादरी विधानसभा के नाम से थी। यहां से पूर्व मंत्री लखीराम नागर व रघुराज सिंह मामूली अंतर से हारें। लखीराम नागर बसपा में चले गए। भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर के पिता और मिल्क किंग के नाम से मशहूर स्वर्गीय चौधरी वेदराम नागर गुर्जर समाज के बड़े नेता थे। उनका कद इतना बड़ा था कि वह प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव लड़वाते थे।
1991 में दादरी सीट से उन्होंने विधायक का चुनाव लड़े, लेकिन मामूली अंतर से हार गए। कांग्रेस उन्हें भी नहीं रखा सकी थी। बड़े ब्राह्मण चेहरे के रूप में प्रसिद्व पीतांबर शर्मा व कृपाराम शर्मा भी उपेक्षा के चलते कांग्रेस का साथ छोड़ गए।
कांग्रेस अब पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करने के लिए सीधे संवाद और जमीनी फीडबैक पर जोर दे रही है। शेख मस्तानी यह परखेंगे कि कौन सक्रिय है, कौन नाराज है। बूथ स्तर पर क्या स्थिति है।
वहीं, गत विधानसभा चुनाव में तीनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को बहुत कम वोट मिले थे। सब टेबल पर लाया जाएगा। इसी के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति तय की जाएगी।
आसान नहीं होगी कांग्रेस की वापसी
गौतमबुद्ध नगर एनसीआर का सबसे तेजी से बदलता जिला है। शहरी वोटर, युवा और प्रवासी आबादी बढ़ी है। भाजपा यहां बहुत मजबूत है। सांसद, तीन विधायक और दो एमएलसी हैं। सपा-बसपा भी अपनी जगह बनाने के लिए जमीन पर मेहतन कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए यह वापसी राह आसान नहीं होगी।