हरियाणा में SIR पर उठे सवाल, कांग्रेस पूर्व विधायक गोगी बोले- वोटर सूची से गायब हुए 16% से ज्यादा वोट; मताधिकार छीन रही सरकार
पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर सरकार को घेरा है। ...और पढ़ें

पूर्व विधायक गोगी का सरकार पर हमला (फोटो: जागरण)
संवाद सहयोगी, असंध। कांग्रेस नेता एवं असंध के पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एसआइआर का पहला चरण पूरा हो चुका है और 31 जुलाई की रात ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई, लेकिन इसमें भी अनेक गंभीर कमियां सामने आ रही हैं।
गोगी के अनुसार पूरे हरियाणा में करीब 16.38 प्रतिशत वोट गायब बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब मतदाताओं को ऐसे मामलों में नोटिस दिए जा रहे हैं, जिनका वोटर के वास्तविक अधिकार से कोई संबंध नहीं है।
गोगी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने फार्म भरते समय हिंदी नाम का अंग्रेजी में लिखने में मामूली स्पेलिंग की गलती कर दी तो उसे नोटिस दिया जा रहा है। इसी तरह पहले मतदाता सूची में पिता का नाम बिना मिडिल नेम के दर्ज था और अब मिडिल नेम के साथ दर्ज है तो इसे भी नोटिस का आधार बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी छोटी-छोटी कमियों के आधार पर आम नागरिकों को परेशान करने का क्या औचित्य है।
पूर्व विधायक गोगी ने कहा कि यह प्रक्रिया सामान्य रिवीजन नहीं बल्कि उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि डिलीशन पर अधिक जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जिन लोगों ने 2014, 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों तथा उससे पहले भी मतदान किया, उनके वोट अब गलत कैसे हो गए।
यदि वर्ष 2003 की मतदाता सूची ही आधार मानी जा रही है तो जिन लोगों ने उसके बाद हुए चुनावों में मतदान किया, क्या उनके वोट और चुनाव गलत थे? उन्होंने कहा कि इस आधार पर तो पहले हुए चुनावों की वैधता पर भी सवाल खड़ा होता है। गोगी ने कहा कि मतदाता सूची में डबल वोट के करीब 3500 मामले सामने आए हैं, जिनमें मृतकों का नाम भी शामिल है।
खबरें और भी
गोगी ने कहा कि वह उपायुक्त करनाल को लिखित रूप से पत्र भेजकर असंध सहित करनाल जिले में बालिग आबादी और मतदाता सूची से संबंधित पूरा डाटा मांगेंगे। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, उनसे वोट कटने का कारण पूछा जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सुरजीत सिंह राणा,कांग्रेस के जिला सचिव मित्र पाल शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र चोपड़ा,ब्लॉक युवा अध्यक्ष जतिन बिंदल,कांग्रेस नेत्री एडवोकेट सोनिया बोहत सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।