विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिस्ट्रीशीटर मुर्तलिब नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार, बहराइच में मजदूरी कर रहा था सजायाफ्ता

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:59 AM (GMT+05:30)

पुरकाजी का सजायाफ्ता हिस्ट्रीशीटर मुर्तलिब, जो मई से लापता था, उसे बहराइच के रुपईडीहा से गिरफ्तार कर लिया गया है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मई से लापता सजायाफ्ता हिस्ट्रीशीटर मुर्तलिब बहराइच से गिरफ्तार।

  2. सीबीआई ने गुमशुदगी मामले में अज्ञात पुलिसकर्मियों से भी की थी पूछताछ।

  3. नेपाल सीमा के पास रुपईडीहा में मजदूरी करते हुए पकड़ा गया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। मई से लापता चल रहे पुरकाजी निवासी हिस्ट्रीशीटर व हत्या के मामले में सजायाफ्ता मुर्तलिब को पुरकाजी पुलिस ने नेपाल सीमा के पास जनपद बहराइच के रुपईडीहा से गिरफ्तार कर लिया। उसके एक साथी की मदद से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। वह बहराईच जेल से रिहा होने के बाद नेपाल भाग गया था।

फिलहाल रुपईडीहा में एक बैटरी की दुकान पर मजदूरी कर रहा था। सीबीआई ने भी उससे 10 घंटे तक पूछताछ की। हाइकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने मुर्तलिब के लापता होने के मामले में पुरकाजी थाने के अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

यह है पूरा मामला

पुरकाजी थाने के मुहल्ला जाटान निवासी मुर्तलिब के खिलाफ पुरकाजी सहित विभिन्न जनपदों के थानों में 30 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2017 में मंडी कोतवाली पुलिस ने उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा था। मुजफ्फरनगर जेल से उसे बाद में पीलीभीत जेल भेज दिया था।

2012 में पुरकाजी निवासी सरफराज की हत्या के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा पीलीभीत जेल में रहते हुए हुई थी। बाद में उसे बहराइच जेल में भेजा गया था। वहां से वह चार मई 2026 को हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर रिहा हुआ था। तभी से लापता चल रहा था।

उसके भाई आलम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल की थी। याचिका के मुताबिक मुर्तलिब बहराइच जेल से हाईकोर्ट के 17 दिसंबर 2025 के आदेश के बाद चार मई 2026 को जेल से रिहा किया गया था। आरोप है कि जेल से रिहाई के बाद पुरकाजी पुलिस ने मुर्तलिब व उसके पिता शराफत को हिरासत में ले लिया था।

पिता को सात मई को छोड़ दिया गया, मगर मुर्तलिब का उसके बाद कोई पता नहीं चला। हाई कोर्ट के आदेश पर गाजियाबाद सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने पुरकाजी थाने के अज्ञात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था।

अब पुरकाजी थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस किसी तरह उसके एक साथी तक पहुंची और उसकी मदद से आरोपित को गिरफ्तार किया।

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को नेपाल की सीमा के पास से गिरफ्तार किया है। वह पुलिस से छिपकर नेपाल भाग गया था। नेपाल में आपदा के दौरान भी वहां पर था। बाद में नेपाल की सीमा के पास बहराइच के रुपईडीहा में किराए पर कमरा लेकर एक बैटरी की दुकान पर मजदूरी कर रहा था। उसे वर्ष 2008 में पुरकाजी थाने में दर्ज विद्युत अधिनियम के मामले में गैर जमानती वारंट होने पर गिरफ्तार कर एडीजे-4 की कोर्ट में पेश किया गया। उसे वहां से जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- महाकुंभ डाक्यूमेंट्री के नाम पर की थी सात करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी इन्द्रजीत नट्टोजी मुंबई से गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- बेसिक शिक्षा अधिकारी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करें!...अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पुलिस को आदेश