'हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर असल मुद्दों से ध्यान भटका रही भाजपा', शिवपाल यादव ने BJP को घेरा
सपा महासचिव शिवपाल यादव ने भाजपा पर किसानों, नौजवानों और व्यापारियों के असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू-मुस्लिम राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा न्यायपालिका का सम्मान करती है और 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेगी।

शिवपाल सिंह यादव।
HighLights
भाजपा पर हिंदू-मुस्लिम राजनीति से ध्यान भटकाने का आरोप।
सपा न्यायपालिका का सम्मान करती है, राम मंदिर विरोधी नहीं।
2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर किसानों, नौजवानों, व्यापारियों समेत सभी वर्गों की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और व्यापारियों की परेशानियों से जूझ रही है, लेकिन भाजपा इन मुद्दों पर काम करने के बजाए समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। मथुरा में कारसेवा की बात करना भी इसी राजनीति का हिस्सा है।
दिल्ली की तरफ से मुरादाबाद पहुंचे शिवपाल यादव का पाकबड़ा में जीरो प्वाइंट पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सर्किट हाउस पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी श्री राम मंदिर की विरोधी नहीं है। मंदिर तो न्यायालय के आदेश से बना है और सपा न्यायपालिका का हमेशा सम्मान करती रही है।
भाजपा मंदिर निर्माण का श्रेय लेना चाहती है लेकिन, अब चंदा चोरी जैसे मुद्दों को दबाने के लिए हिंदू-मुस्लिम के बहाने समाज को बांटने के अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं। सपा नेता आजम खां के मामले पर शिवपाल यादव ने कहा कि उन पर तमाम झूठे मुकदमे लगाए गए। मुर्गी चोरी तक का आरोप लगाया।
समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाने की साजिश - शिवपाल सिंह
संभल की न्यायिक जांच के बहाने भी समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा कुछ नहीं होने वाला है।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। मैं भी इसी मकसद से पूरे प्रदेश का दौरा कर रहा हूं। बुधवार को रामपुर जेल में आजम खां से मुलाकात करनी है। इसके बाद जौहर विश्वविद्यालय भी जाऊंगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों और जौहर विश्वविद्यालय के साथ है। छात्रों, नौजवानों, किसानों और व्यापारियों के हितों के लिए जहां भी संघर्ष करने की जरूरत होगी, पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
यह भी पढ़ें- 'नोटिस बोर्ड पर चस्पा हो मतदाता फॉर्मों की जानकारी', अखिलेश यादव ने EC को भेजा ज्ञापन
बसपा से हमारा कोई नाता नहीं है। कांग्रेस से अभी तक गठबंधन है। पार्टी में गुटबाजी के सवाल को शिवपाल यादव ने टालते हुए कहा कि सभी अपने लोग हैं।
आपस में बैठकर सभी मामले निपटा लिए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य एक है और सभी लोग मिलकर वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम करेंगे।

