'नोटिस बोर्ड पर चस्पा हो मतदाता फॉर्मों की जानकारी', अखिलेश यादव ने EC को भेजा ज्ञापन
अखिलेश यादव ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन भेजकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने-घटाने संबंधी फॉर्मों को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने की मांग की है। ...और पढ़ें

नोटिस बोर्ड पर चस्पा हो मतदाता फार्मों की जानकारी: अखिलेश यादव।
HighLights
अखिलेश यादव ने मतदाता फॉर्मों को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने की मांग की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन भेजकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
2027 विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने की अपील।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मतदाता सूचियों में नाम बढ़ाने-घटाने आदि के लिए जमा हो रहे आवेदनों को ईआरओ द्वारा नोटिस बोर्ड पर चस्पा न किए जाने को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा को ज्ञापन भेजा है। फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की जानकारी सात दिन तक ईआरओ के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कराने की मांग की है।
सपा प्रमुख की ओर से सोमवार को पार्टी नेता केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल को हुआ था।
इसके बाद निरंतर पुनरीक्षण के तहत प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में प्रतिदिन मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम काटने के लिए फॉर्म-7 और नाम, उम्र व पता आदि में संशोधन या विधान सभा क्षेत्र में परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 जमा हो रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशाें के अनुसार संबंधित विधान सभा क्षेत्र के ईआरओ द्वारा प्राप्त होने वाले फॉर्म-6, फॉर्म-7, फॉर्म-8 को अपने कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर सात दिनों तक प्रदर्शित करना होता है। बड़ी संख्या में फॉर्म जमा हुए हैं, लेकिन ईआरओ द्वारा इनको अपने नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित नहीं किया जा रहा है।
इस मामले पर भारत निर्वाचन आयोग भी मूक दर्शक बना है। ज्ञापन में त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा गया है कि वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव के लिए मतदाता सूची को पारदर्शी होना चाहिए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त भारत निर्वाचन आयोग को भी ज्ञापन की प्रति भेजी गई है।