विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद: अकेले रहने वाले बुजुर्गों को साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचाएगी पुलिस, तैयार की सूची

Published: Sat, 05 Sep 2026 07:33 PM (IST)

मुरादाबाद पुलिस अकेले रहने वाले बुजुर्गों को साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचाने के लिए सूची तैयार कर रही ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. बुजुर्ग दंपती साइबर ठगों के निशाने पर, 10 दिन में मुरादाबाद में दो घटनाएं

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। अकेले रहने वाले बुजुर्ग दंपती इन दिनों साइबर ठगों के निशाने पर हैं। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी की लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए साइबर पुलिस ने ऐसे बुजुर्गों को जागरूक करने की योजना बनाई है। एक साल पहले थाना पुलिस द्वारा अकेले रहने वाले बुजुर्गों के नामों की तैयार सूची साइबर पुलिस ने मांगी है।

इसके बाद साइबर पुलिस उनके घर जाकर अथवा फोन के माध्यम से साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताएगी। बीते 10 दिनों में मुरादाबाद में डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्गों से ठगी की दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पहली घटना 25 अगस्त को सिविल लाइंस क्षेत्र में हुई थी। यहां सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी की पत्नी को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर दो दिन तक निगरानी में रखा। इस दौरान उनसे करीब 14 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। वह घर में अकेली रहती हैं।

दूसरी घटना 31 अगस्त की है, जिसकी प्राथमिकी तीन सितंबर को दर्ज की गई। इसमें साइबर ठगों ने बुजुर्ग दंपती को करीब चार दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा और अलग-अलग प्रक्रिया का भय दिखाकर उनसे करीब 27 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।

आसपास के अन्य जिलों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद साइबर पुलिस को आशंका है कि मुरादाबाद में रहने वाले कुछ और बुजुर्ग दंपती ठगों के निशाने पर हो सकते हैं। साइबर पुलिस अब थाना पुलिस से अकेले रहने वाले बुजुर्गों की पुरानी सूची ले रही हैं।

करीब एक वर्ष पहले सिविल लाइंस क्षेत्र की परंपरा सोसायटी में बुजुर्ग महिला की उसके नौकर ने हत्या कर दी थी। घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर बीट कांस्टेबलों के माध्यम से शहर में अकेले रहने वाले बुजुर्गों का सर्वे कराया गया था। उस समय करीब 250 बुजुर्ग ऐसे मिले थे, जो अकेले रह रहे थे।

अब इसी सूची के आधार पर साइबर पुलिस बुजुर्गों से संपर्क करेगी। उन्हें समझाया जाएगा कि कोई भी पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी वीडियो काल पर डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। संदिग्ध फोन आने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी जाएगी

बैंकों से भी संपर्क करेगी साइबर पुलिस

बुजुर्गों को डिजिटल अरेस्ट करने के बाद हो रही ठगी को रोकने के लिए साइबर पुलिस बैंकों में भी जाकर बात करेगी। बैंक अधिकारियों से बात करके उन्हें बताएगी कि अगर कोई बुजुर्ग बैंक में आकर अपनी एफडी तोड़ते हैं या फिर अधिक धनराशि कही ट्रांसफर कराते हैं तो उनसे सही से बात की जाए। यह निश्चित कर लिया कि कहीं वह डिजिटल अरेस्ट तो नहीं है। वह ठगों को तो रुपये नहीं भेज रहे हैं।

साइबर क्राइम से कैसे बचें

  • साइबर अपराधी आपकी निजी जानकारी एकत्र करते है और इसका उपयोग इंटरनेट पर आपकी झूठी पहचान बनाने में उपयोग कर सकते है। किसी भी सार्वजनिक साइट, ब्लाॅग या इंटरनेट मीडिया पर अपनी निजी जानकारी कभी भी साझा/शेयर न करें। जैसे कि आपकी सरकारी आइडी, पासवर्ड, बैंक खाता नंबर, पिन इत्यादि।
  • ईमेल, मैसेजिंग एप या इन्सटैंट मैसेंजर पर प्राप्त लिंक्स पर क्लिक करने से पहले सावधान रहें और यदि आप उनकी सत्यता पर विश्वास नही करते, तो हमेशा भेजने वाले या उनकी आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें। जैसे कि बैंक, दूरसंचार आपरेटर, बीमा कंपनी आदि।
  • वेब पेज पर अपनी जानकारी दर्ज करने से पहले, वेबसाइट के लिंक की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि वेब पता https (s से सुरक्षित) से शुरू होता है और एक बंद ताले के निशान को भी देखें।
  • ऑनलाइन बैंकिंग या ऑनलाइन लेनदेन करने के लिए कभी भी सार्वजनिक/मुफ्त वाइफाइ का उपयोग न करें।
  • साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। 24 से 48 घंटे के अंतराल में आपके धन को वापस कराने की अधिक संभावना रहती है।
  • सिम ब्लाक/एक्सपायर का संदेश प्राप्त होने पर दिए गए नंबरों पर वार्तालाप न करें।
  • फोन पर कैश रिवार्ड को अपने खाता में लेने के नाम पर अज्ञात व्यक्ति के बताए हुए नियमों का पालन न करें।
  • ओएलएक्स पर कोई भी वाहन/सामान खरीदने वाले व्यक्ति को बेचने वाले व्यक्ति द्वारा यदि अपना कोई सरकारी आई-कार्ड/कैंटीन कार्ड डाला गया है तो उसे चेक कराने के बाद ही लेन-देन करें।

 

शहर में जो भी बुजुर्ग अकेले रहते हैं उनके नाम पुलिस के पास है। अब बुजुुर्गों से साइबर पुलिस संपर्क कर उन्हें जागरूक करेगी। जिससे ठगी की घटना न हो सके।

सतपाल अंतिल, एसएसपी


यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बड़ा हादसा टला: तेज बारिश में ढह गई 3 मंजिला इमारत, 24 घंटे पहले खाली न होती तो...वीडियो वायरल