मीरजापुर में रोजगार सृजन केंद्र बनेगा विंध्य क्षेत्र, कृषि आधारित उद्योगों से बदलेगी तस्वीर
मीरजापुर में युवाओं और उद्यमियों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जहां सीडीओ ने रोजगार सृजन पर जोर दिया। इसमें कृषि आधारित उद्योगों, डेयरी व्यवसाय और विभिन्न सरकारी योजनाओं पर जानकारी देकर युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सीडीओ ने युवाओं को नौकरी नहीं, रोजगार सृजक बनने को कहा।
मीरजापुर में कृषि आधारित उद्योगों और सेवा क्षेत्र पर जोर दिया गया।
युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं और डिजिटल मार्केटिंग का प्रशिक्षण मिला।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन सभागार में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार व संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। कार्यशाला दो पालियों में संचालित हुई, जिसमें युवाओं, इच्छुक उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों तथा बैंक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुरूप आजीविका चुननी चाहिए, तभी कार्य में आनंद और सफलता दोनों मिलते हैं।
उन्होंने मीरजापुर को कृषि प्रधान जनपद बताते हुए कृषि आधारित उद्योगों और सेवाक्षेत्र के विस्तार पर जोर दिया। सीडीओ ने राजगढ़, पटेहन और हलिया क्षेत्र में डेयरी व्यवसाय की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख किया। साथ ही प्रोजेक्ट गंगा के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर इंटरनेट सेवा प्रदाता के रूप में रोजगार सृजन की संभावनाओं पर भी युवाओं को जानकारी दी।
युवाओं ने पढ़ा आत्मनिर्भरता का पाठ
पहली पाली में सीएम युवा, ओडीओपी, एमवाईएसवाई और एमएसएमई नीति सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं, बिजनेस आइडिया, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, ऋण आवेदन प्रक्रिया, व्यवसाय पंजीकरण तथा डिजिटल मार्केटिंग पर प्रशिक्षण दिया गया। दूसरी पाली में बैंक प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों का क्षमता संवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन समाधान टीम के युगल नारायण, अमन और बैंक विशेषज्ञ मुकेश वाष्णेय ने किया। उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार और एलडीएम आनंद कुमार झा ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों ने भाग लेकर स्वरोजगार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

