चंदौली के राजकीय पॉलिटेक्निक में बनेगा हॉस्टल, 270 विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
चंदौली के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बायापुर में छात्रावास निर्माण को मंजूरी मिल गई है, जिससे 270 विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलेगी। शासन ने वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट में इसके लिए प्रावधान करने का आश्वासन दिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
चंदौली पॉलिटेक्निक में छात्रावास निर्माण को मिली मंजूरी।
270 छात्र-छात्राओं को मिलेगी आवासीय सुविधा।
वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट में होगा प्रावधान।
जागरण संवाददाता, शहाबगंज (चंदौली)। बायापुर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन स्तर से जारी पत्र में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट में छात्रावास निर्माण के लिए प्रविधान करने की बात कही गई है। इससे कालेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
पूर्व विधायक चकिया शिव तपस्या पासवान ने 16 जून 2026 को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज बायापुर में छात्रावास की आवश्यकता से अवगत कराया था।
उन्होंने कालेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी। इसके बाद प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
प्राविधिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव विनोद कुमार की ओर से पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि कालेज में छात्रावास के लिए भूमि उपलब्ध नहीं थी।
करीब दो एकड़ भूमि का सीमांकन उपजिलाधिकारी कार्यालय चकिया की ओर से 11 मार्च 2026 को कराया जा चुका है। बताया गया है कि करीब दो एकड़ भूमि पर दोनों छात्रावासों के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट में प्रविधान करते हुए निर्माण कार्य की कार्रवाई की जाएगी।

