मीरजापुर में बिजली गिरने से होमगार्ड की मौत, पत्नी समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलसे
मीरजापुर के हलिया क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से ड्रमंडगंज थाने में तैनात एक होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी समेत छह लोग झुलस गए और एक ...और पढ़ें

वज्रपात के कारण होमगार्ड की मौत।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देवरी (मीरजापुर)। हलिया क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में रविवार की रात लगभग नौ बजे वज्रपात की चपेट में आने से ड्रमंडगंज थाने में तैनात होमगाडर्स की मौत हो गई। जबकि छह लोग झुलस गए। एक बैल की भी मौत हुई है। झुलसे लोगों को हलिया पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना हलिया के मगरदा गांव में हुई। गांव निवासी 57 वर्षीय रामदुलारे होमगाडर्स थे। इन दिनों उनकी तैनाती ड्रमंडगंज थाने में थी। रात लगभग नौ बजे वह अपनी 55 वर्षीय पत्नी मानमती के साथ बरामदे में बैठे थे। उसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से रामदुलारे की मौके पर ही मौत हो गई तथा पत्नी मानमती झुलस गई । वही पड़ोसी 18 वर्षीय पुष्पा तथा 16 वर्षीय प्रमिला भी झुलस गई।
इसी तरह सोनगढ़ा गांव में वज्रपात से 22 वर्षीय अमित कुमार तथा मटिहरा गांव में 15 वर्षीय प्रीति यादव झुलस गई। राजपुर गांव में 65 वर्षीय प्रेमा कच्चे मकान के बरामदे में बैठी थी कि बगल में वज्रपात की चमक से वह भी झुलस गई।
राम नरायन कोल का एक बैल नीम के पेड़ के नीचे बंधा था उसकी भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक रामदुलारे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि झुलसे लोगों का उपचार चल रहा है। सभी की स्थिति सामान्य है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गरज चमक के साथ वज्रपात गिरने से मगरदा गांव में रामदुलारे की मौत हो गई है। सभी स्थानों पर कुल छह लोग झुलसे है।