मेरठ की बेटी IPS अदिति सिंह ने जिले का बढ़ाया मान, फेम इंडिया-एशिया पोस्ट ने दिया बड़ा सम्मान
मेरठ की बेटी आईपीएस अदिति सिंह को फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा देश के 25 शीर्ष पुलिस अधिकारियों में शामिल किया गया है।

अदिति सिंह, आईपीएस
HighLights
आईपीएस अदिति सिंह फेम इंडिया के शीर्ष 25 अधिकारियों में शामिल।
मेरठ की बेटी अदिति पंचकुला की वर्तमान डीसीपी हैं।
उत्कृष्ट कार्य और नेतृत्व क्षमता के लिए मिली यह पहचान।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ की बेटी और शहर के प्रतिष्ठित स्कूल सोफिया गर्ल्स स्कूल कैंट की पुरातन छात्रा आईपीएस अदिति सिंह ने देशभर में शहर का नाम रोशन किया है। चंडीगढ़ की सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) कंवरदीप कौर के साथ वर्तमान में काम कर रही पंचकुला की डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) अदिति सिंह को फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा देश के 25 टॉप पुलिस अधिकारियों में शामिल किया है।
फेम इंडिया ने इस बार कुल 25 टॉप अधिकारियों के अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच अधिकारियों की अलग से सुपर-5 कैटेगरी भी बनाई है। यानी कुल 30 अधिकारियों को इस प्रतिष्ठित सूची में जगह दी गई है।
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के अनुसार अधिकारियों का चयन केवल अपराध आंकड़ों से नहीं बल्कि आठ बड़े मानकों पर किया गया है। जिसमें फील्ड क्सपीरियंस, कठिन परिस्थितियों में नेतृत्व क्षमता, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, नागरिक सेवाएं, टेक्नोलॉजी का उपयोग, जनता का विश्वास और उभरती चुनौतियों से निपटना, जिसमें साइबर क्राइम, नारकोटिक्स, ट्रैफिक प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा और कम्युनिटी पुलिसिंग के साथ-साथ पारंपरिक कानून व्यवस्था की ड्यूटी शामिल रही।
कौन हैं अदिति सिंह
अदिति सिंह 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और उन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया हुआ है। उन्होंने इसी साल जुलाई में पंचकुला डीसीपी का पदभार ग्रहण किया है। इससे पहले वह हिमाचल प्रदेश में एसपी एंटी-करप्शन एंड विजिलेंस के रूप में तैनात रहीं। शादी के बाद उन्होंने अपना कैडर बदलवाकर हरियाणा करा लिया है।
यह है मेरठ कनेक्शन
मेरठ के सोफिया गर्ल्स स्कूल कैंट की 2011 में 10वीं और 2013 में 12 वीं की पुरातन छात्रा हैं। स्कूल में वे पढ़ाई में अव्वल रहने के साथ-साथ वाद-विवाद में सर्वश्रेष्ठ वक्ता, नृत्य में पारंगत और वालीबाल टीम की कप्तान रह चुकी हैं।
2017 में उन्होंने अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद से बीटेक किया। उनके पिता डॉ. संजीव सिंह एमडी फिजिशियन हैं और माता ज्योति सिंह मेरठ तहसील में वरिष्ठ सहायक हैं। परिवार डिफेंस एन्क्लेव कंकरखेड़ा में रहता है।
यह भी पढ़ें- पिता को वर्दी में देख जागा देश सेवा का जज्बा, सेना में लेफ्टिनेंट बने B.Tech ग्रेजुएट हार्दिक; मेरठ में जश्न का माहौल
