विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट: भीषण गर्मी के बीच तेज होगी हीट वेव, प्रशासन की एडवाइजरी

Updated: Sun, 26 Apr 2026 12:05 PM (IST)

मैनपुरी में भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं, मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान में वृद्धि और हीट वेव का असर तेज होने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

धूप से बचते हुए घर जाते बच्चे।

धूप से बचते हुए घर जाते बच्चे।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। लगातार बढ़ती गर्मी और झुलसा देने वाली लू से परेशान लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे हीट वेव का असर और तेज होगा।

लू के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित

शहर और ग्रामीण इलाकों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पतालों में भी लू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह

शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी नरेंद्र वर्मा ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और सिर को ढककर रखने की अपील की गई है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह

प्रशासन ने भी अलर्ट जारी होने के बाद सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था करने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत रखने पर जोर दिया गया है। फिलहाल मौसम में बदलाव के कोई संकेत नहीं हैं, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतकर ही इस भीषण गर्मी का सामना करना होगा।

यह भी पढ़ें- भारत-न्यूजीलैंड फ्री ट्रेड एग्रीमेंट: पीयूष गोयल ने देखा ताजमहल, इतिहास-वास्तुकला व पच्चीकारी में दिखाई दिलचस्पी

यह भी पढ़ें- जनगणना ड्यूटी से पहले 'छुट्टी' की जुगाड़: किसी को माइग्रेन तो किसी के माता-पिता बीमार, आगरा में 800 आवेदन