परंपरा निभाने निकले थे, पलवल में काल के गाल में समाए मैनपुरी के चार श्रद्धालु
मैनपुरी के किशनी क्षेत्र से गोगामेड़ी दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहन का पलवल में हादसा हो गया। इस ...और पढ़ें

पलवल में दुर्घटनाग्रस्त मैनपुरी से गई मैक्स पिकअप।
संवाद सूत्र, किशनी (मैनपुरी)। किशनी क्षेत्र में परंपरा है कि भादों में परिवार व रिश्तेदारों के साथ राजस्थान के हनुमानगढ़ जनपद स्थित गोगामेड़ी में जाहरवीर बाबा के दर्शनों के लिए जाते हैं। इसी परंपरा को निभाने के लिए रक्षाबंधन की रात को मैक्स पिकअप वाहन में करीब 25 लोग सवार होकर गोगामेड़ी के लिए निकले थे।
वहां से मथुरा वापस आते समय मंगलवार की भोर में पलवल में हुए हादसे में मैनपुरी के चार और कुल छह श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। जबकि कई घायल हैं। स्वजन शवों को लेने के लिए पलवल पहुंच गए हैं।
क्षेत्र के गांव चांदा निवासी 60 वर्षीय विजय यादव अपने परिवार व अन्य रिश्तेदारों सहित करीब 25 लोगों के साथ गोगामेड़ी के लिए रक्षाबंधन की रात करीब नौ बजे मैक्स पिकअप वाहन में रवाना हुए थे। यह सभी राजस्थान के मेंहदीपुर बालाजी व खाटू श्याम के दर्शन करते हुए गोगामेड़ी पहुंचे।
जाहरवीर गोगाजी के दर्शन करने के बाद सोमवार की देर रात सभी मथुरा-वृंदावन दर्शन करने के लिए निकले थे। इसी दौरान मंगलवार की भोर में पलवल में हुए हादसे में सभी लोग गंभीर घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए वहां के जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां डाक्टरों ने 60 वर्षीय विजय यादव पुत्र हुकम सिंह, 62वर्षीय कमला देवी पत्नी रामसेवक व 50वर्षीय रेशमा देवी पत्नी विनोद कुमार निवासीगण किशनपुर मुरगिया और 55 वर्षीय महेश सिंह पुत्र घारम सिंह निवासी हविलिया को मृत घाेषित कर दिया। इनके साथ ही फिरोजाबाद निवासी राजकुमार और सुधा देवी की भी इस हादसे में मौत हो गई।
जबकि घायलों में विनय, रूबी, रामसेवक, विनोद कुमार, सुनील, श्वेता यादव, सुधा, वीरेश, उम्मेद, सरला, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा, गोरा देवी और रेखा सहित अन्य को आगरा के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर किशनी इंस्पेक्टर गगन गौड़ गांव पहुंचे।
उन्होंने स्वजन व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग पलवल के लिए रवाना हो गए हैं। संभवत: देर रात तक शव गांव आ जाएंगे।
जानकारी होते ही मची चीख पुकार, पलवल भागे लोग
जैसे ही पलवल पुलिस और घायलों द्वारा घटना की जानकारी स्वजन को दी गई। यहां चीख पुकार मच गई। मृतकों और घायलों के परिवार के लोग पलवल के लिए रवाना हो गए। वहीं मृतकों व घायलाें के घरों पर ग्रामीणों व रिश्तेदारों की भीड़ एकत्रित हो गए।
मृतकों में विजय यादव के नजदीकी रिश्तेदार शामिल
सड़क हादसे में विजय यादव की मौत तो हुई ही, साथ ही उनके दामाद राजकुमार निवासी शिकोहाबाद फिरोजाबाद, चचेरी बहन सुधा देवी पत्नी शीशपाल, बहवलपुर एका फिरोजाबाद, पुत्र की सास कमला देवी निवासी किशनपुर मुरगिया की भी मृत्यु हुई है। वहीं पुत्रवधू रूबी पत्नी विनय की हालत गंभीर बनी हुई है।
पूर्व सपा जिलाध्यक्ष के भतीजे थे विजय यादव
मृतक विजय यादव के चाचा बाबूराम यादव सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष थे। उनका सपा में काफी वजूद था। मुलायम सिंह की सरकार में उनकी तूती बोलती थी। मृत्यु के बाद गांव में लगी उनकी प्रतिमा का लोकार्पण तत्कालीन सपा मुखिया एवं पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव द्वारा किया गया था।
सपा विधायक ने जाना घायलों का हाल चाल
किशनी क्षेत्र के लोगों के साथ पलवल में हुए हादसे में चार की मृत्यु और अन्य के घायल होने की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय सपा विधायक बृजेश कठेरिया आगरा रवाना हो गए। वहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल चाल जाना। स्वजन से घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही वहां के पुलिस अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
