उत्तर प्रदेश में 'जल सारथी' एप से होगी जल जीवन मिशन की निगरानी, गांव-गांव मिलेगा शुद्ध पानी
जल जीवन मिशन के तहत मैनपुरी में पेयजल परियोजनाओं की निगरानी अब जल सारथी एप से की जाएगी, जिससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी। ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश में 'जल सारथी' एप से होगी जल जीवन मिशन की निगरानी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की मुहिम में अब तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जल सारथी एप का विस्तार तेज कर दिया है।
जिले की 549 ग्राम पंचायतों के 780 गांवों में एनसीसी लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन बिछाने, ओवरहेड टंकियों और अन्य संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। एप के माध्यम से इन कार्यों की रियल टाइम मानिटरिंग की जाएगी।
जिले में अब तक 174 गांवों में ओवरहेड टंकियों का निर्माण पूरा होने के बाद घर-घर पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है। वहीं शेष गांवों में बजट के अभाव में निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि डिमांड भेजी गई है, बजट आते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
परियोजनाओं में आएगी पारदर्शिता
अधिकारियों का मानना है कि सारथी एप के इस्तेमाल से परियोजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, कार्यों की जवाबदेही तय होगी और शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी। ग्रामीण भी अपने गांव की जलापूर्ति और निर्माण कार्य की प्रगति मोबाइल पर देख सकेंगे तथा किसी भी समस्या की शिकायत आनलाइन दर्ज करा सकेंगे।
यह भी पढ़ें- जल सारथी मोबाइल एप बड़े काम का : गांवों में पेयजल संबंधी हर जानकारी ले सकेंगे, घरेलू नल कनेक्शन आवेदन की भी सुविधा
जल सारथी एप से होगी परियोजनाओं की निगरानी
एप के जरिए गांववार पेयजल योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। पाइपलाइन, ओवरहेड टंकी और पंप हाउस निर्माण की प्रगति आनलाइन दिखाई देगी। घर-घर नल कनेक्शन की स्थिति, परियोजना की समयसीमा और कार्य प्रगति भी एप पर उपलब्ध रहेगी। विभागीय अधिकारी इसी माध्यम से निगरानी और रिपोर्टिंग करेंगे।
खबरें और भी
ग्रामीणों को घर बैठे मिलेगी जानकारी
ग्रामीण अपने गांव की जलापूर्ति और निर्माण कार्य की स्थिति मोबाइल पर देख सकेंगे। पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर आनलाइन शिकायत दर्ज करने, उसके निस्तारण की प्रगति जानने तथा सुझाव और फीडबैक सीधे विभाग तक पहुंचाने की सुविधा भी एप के माध्यम से मिलेगी।
जल सारथी एप के माध्यम से जल जीवन मिशन की प्रत्येक परियोजना की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, शिकायतों का त्वरित निस्तारण होगा और ग्रामीणों को अपने गांव की पेयजल योजनाओं की पूरी जानकारी घर बैठे मिल सकेगी।
अंकित यादव, अधिशाषी अभियंता, जल निगम