निरीक्षक की बेटी बनी ARTO, महोबा की तनु हरि ने UPPCS-2024 में लहराया परचम; घर पर ही तैयारी कर पाई सफलता
महोबा में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निरीक्षक अनिल कुमार की बेटी तनु हरि ने यूपीपीसीएस-2024 में एआरटीओ पद पर चयनित होकर परिवार और जिले का नाम रोशन किया ...और पढ़ें

तनु हरि का चयन एआरटीओ पद पर हुआ।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, महोबा। जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अभिसूचना विभाग की विशेष शाखा में तैनात निरीक्षक अनिल कुमार की पुत्री कु. तनु हरि ने यूपीपीसीएस-2024 में अपना परचम फहराया है। बेटी का चयन एआरटीओ पद पर हुआ है।
निरीक्षक मूलरूप से ग्राम रायपुर तहसील घाटमपुर कानपुर नगर के निवासी है, वर्तमान में परिवार जरौली फेस 2 वैष्णवी बिहार में रहता है। पुलिस परिवार ने खुशी जताते हुए उनका मुंह मीठा कराया।
निरीक्षक ने बताया कि पुत्री ने सरदार पटेल इंटर कालेज कानपुर से 2015 में हाईस्कूल व 2017 में इंटरमीडिएट किया। इसके बाद कानपुर के ही क्राइस्ट चर्च कॉलेज से गणित विषय से बीएससी की, जबकि 2022 में एमए किया।

पिता के मुताबिक बेटी शुरू से ही होशियार रही और घर में रहकर ही उसने यूपीपीसीएस की तैयारी की। वह 10-12 घंटे पढ़ती थी। बहुत खुशी हो रही है कि उनकी बेटी प्रशासनिक अधिकारी बनी। माता नम्रता सचान भी बेटी की कामयाबी से गदगद हैं।
तनु हरि ने कहा- मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती
तनु हरि ने बताया कि मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। लगन और मेहनत के साथ ही लक्ष्य बनाकर तैयारी करें तो सफलता निश्चित ही मिलती है। एएसपी वंदना सिंह, सीओ कुलपहाड़ रविकांत गोंड सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मुंह मीठा कराकर अपनी खुशी का इजहार किया।