महराजगंज में इटहिया से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में पलटी, सात घायल
महराजगंज में इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पानी भरे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में सात श्रद्धालु घायल हो गए, ...और पढ़ें

इटहिया से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में पलटी।
HighLights
श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में पलटी।
हादसे में सात लोग घायल, दो की हालत गंभीर।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बचाव कार्य किया।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सोमवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। यह हादसा चौक थाना क्षेत्र के पड़री कला गांव के समीप हुआ। ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
ट्रॉली पर पिपरिया गुरु गोविंद राय गांव के करीब 30 लोग सवार थे, जिनमें से सात लोग घायल हुए हैं। हादसे में पिपरिया गुरु गोविंद राय निवासी 25 वर्षीय रागिनी उर्फ परमेश्वरी और एक 10 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों में प्रेमा और नगीना शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही चौक पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के साथ पुलिसकर्मियों ने पानी में घुसकर यह सुनिश्चित किया कि कोई व्यक्ति पानी में दबा न हो। इसके बाद ट्रॉली को बुलडोजर की मदद से बाहर निकालने का कार्य प्रारंभ किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ निचलौल रवींद्र सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। चौक थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि श्रद्धालु इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पानी भरे गड्ढे में पलट गई।
खबरें और भी
प्रारंभिक जानकारी में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली है और ट्रॉली को गड्ढे से बाहर निकालने का कार्य जारी है। पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर में मोबाइल पर बात करने को लेकर हुई मारपीट, घायल युवक की मौत से मचा कोहराम