Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी में भारत-नेपाल बॉर्डर के पास 600 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रियल एरिया, युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 05:44 PM (IST)

    महराजगंज में चेहरी क्षेत्र की 600 एकड़ भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। ...और पढ़ें

    यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

    यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

    HighLights

    1. चेहरी में 600 एकड़ औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की तैयारी।

    2. उद्यमियों से उद्योग स्थापित करने हेतु इच्छापत्र मांगे गए।

    3. प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, रोजगार सृजन का लक्ष्य।

    जागरण संवाददाता, महराजगंज। जनपद में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में उद्योग विभाग ने चेहरी क्षेत्र की करीब 600 एकड़ भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए उद्योग विभाग जिले के उद्यमियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट (ईओआई) यानी इच्छापत्र भरवा रहा है।

    इच्छापत्र के आधार पर तैयार प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद भूमि को औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उद्योग विभाग का उद्देश्य यह जानना है, कि जिले में कितने उद्यमी उद्योग स्थापित करने के इच्छुक हैं, और उन्हें कितनी भूमि की आवश्यकता होगी।

    इच्छापत्र में उद्यमियों से प्रस्तावित उद्योग का प्रकार, आवश्यक भूमि, संभावित निवेश, रोजगार सृजन तथा अन्य आवश्यक जानकारियां ली जा रही हैं। इन आंकड़ों के आधार पर औद्योगिक क्षेत्र की संभावित रूपरेखा तैयार की जाएगी। यदि पर्याप्त संख्या में उद्यमी उद्योग स्थापित करने की इच्छा जताते हैं, तो उद्योग विभाग संबंधित विभागों के समन्वय से चेहरी की 600 एकड़ भूमि को औद्योगिक क्षेत्र में परिवर्तित करने का प्रस्ताव शासन को भेजेगा। मंजूरी मिलने के बाद यहां आधारभूत सुविधाओं का विकास कर इसे जिले के प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- महराजगंज पुलिस ने तस्करी के लिए नेपाल ले जाई जा रही यूरिया की खेप पकड़ी, 5 गिरफ्तार

    झुलनीपुर में 25 एकड़ में नए औद्योगिक क्षेत्र बसाने को मिल चुकी है अनुमति

    जिले में पहले महराजगंज, फरेंदा और सिसवा में सिर्फ करीब चार एकड़ भूमि के ही तीन औद्योगिक क्षेत्र स्थापित हैं। जिसमें 198 उद्यमियों को आवंटन मिला हुआ है। इसपर अधिकांश छोटे उद्योग धंधे ही स्थापित हैं। लेकिन इसके बाद झुलनीपुर में 25 एकड़ भूमि का चयन हो चुका है, और उसे जिला प्रशासन की ओर से उद्योग विभाग को हस्तानांतरित भी कर दिया गया है, जिसको विकसित किए जाने का कार्य जारी है।

    खबरें और भी

    चेहरी में संभावित औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को जिले के उद्यमियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट प्राप्त किए जा रहे हैं। सभी इच्छापत्रों को संकलित कर शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद चेहरी क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की औपचारिक कार्रवाई शुरू होगी। इस पहल से जिले में नए उद्योग स्थापित होंगे, स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

                                                                                                 नीरज सिंह, उपायुक्त उद्योग