महराजगंज पुलिस ने तस्करी के लिए नेपाल ले जाई जा रही यूरिया की खेप पकड़ी, 5 गिरफ्तार
नौतनवा पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल ले जाई जा रही यूरिया की खेप पकड़ी, जिसमें पांच नेपाली नागरिक गिरफ्तार किए गए। ...और पढ़ें

नौतनवा थाने में बरामद आरोपितों के साथ पुलिस टीम
जागरण संवाददाता, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवा पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए नेपाल ले जाई जा रही यूरिया की खेप पकड़ ली। पुलिस ने पांच नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच बोरी भारतीय यूरिया, एक बोरी सिंगर सुपर फास्फेट पाउडर तथा पांच साइकिल बरामद की है। बरामद सामान और आरोपितों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के निर्देशन में सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान उपनिरीक्षक प्रशांत दुबे पुलिस टीम के साथ सुंडी-नौसडीहा घाट पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार दोपहर 1.34 बजे पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को साइकिलों पर खाद लादकर नेपाल की ओर जाते हुए रोक लिया।
पुलिस ने पांचों साइकिलों को कब्जे में लिया
तलाशी लेने पर उनके पास से पांच बोरी भारतीय यूरिया और एक बोरी सिंगर सुपर फास्फेट पाउडर बरामद हुआ। पूछताछ में सभी आरोपित नेपाल के रुपनदेही जिले के निवासी पाए गए।
गिरफ्तार आरोपितों में शंभू, संदीप यादव, विमलेश राजभर, रामकेश राजभर और प्रिंस बनिया शामिल हैं। पुलिस ने बरामद यूरिया और पांचों साइकिलों को कब्जे में लेकर कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत कार्रवाई कर पूरे मामले को कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।