उत्तर प्रदेश में छह माह में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य, शिक्षा क्षेत्र में 17059 पदों पर होगी भर्ती
योगी सरकार ने छह माह में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा है, जिसमें शिक्षा क्षेत्र में 17,059 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।

छह माह में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य।
HighLights
योगी सरकार का छह माह में एक लाख सरकारी नौकरी का लक्ष्य।
शिक्षा क्षेत्र में कुल 17,059 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी।
उच्च, माध्यमिक, बेसिक शिक्षा विभागों में विभिन्न पद शामिल।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार का मिशन रोजगार तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह माह में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती का संकल्प लिया है। शिक्षा क्षेत्र में 17,059 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से वर्ष 2026 में जारी भर्ती विज्ञापनों में उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग में प्राचार्य के 111 पद और सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के 1,936 पद विज्ञापित किए गए हैं। सहायक आचार्य पदों के लिए परीक्षा 19 और 20 नवंबर को प्रस्तावित है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के 897 पद तथा प्रवक्ता (पीजीटी) के 2,607 पद शामिल हैं। सहायक अध्यापक पदों के लिए परीक्षा तीन और चार दिसंबर, जबकि प्रवक्ता पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को प्रस्तावित है।
सबसे बड़ी हिस्सेदारी बेसिक शिक्षा विभाग की है। यहां सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी (अर्बन) के 11,508 पद हैं। परीक्षा तीन और चार दिसंबर को होगी। बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) भी आयोजित की जा रही है।
