दो घंटे में कनेक्शन से नहीं जुड़ पाए 1.93 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर, यूपी के उपभोक्ताओं ने मांगा मुआवजा
उत्तर प्रदेश में 1.93 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को रिचार्ज के बाद भी दो घंटे में कनेक्शन नहीं मिलने पर मुआवजा मांगा गया है। नियामक आयोग में ...और पढ़ें

दो घंटे में कनेक्शन से नहीं जुड़ पाए 1.93 लाख प्रीपेड मीटर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले बिजली कनेक्शनों में बैलेंस रिचार्ज के बाद भी उन्हें कनेक्शन से जोड़ने में बिजली कंपनियों की लापरवाही और तकनीकी दिक्कतें सामने आई हैं। 1,93,143 उपभोक्ताओं द्वारा बैलेंस रिचार्ज करा लेने के बाद भी कनेक्शन नहीं जोड़े जा सके थे, जिसके बाद इस मामले में मुआवजा दिलाने का मुद्दा नियामक आयोग में उठा है। समय के अंदर कनेक्शन नहीं जुड़ने से परेशान उपभोक्ताओं को तत्काल मुआवजा दिलाने की मांग आयोग से की गई है।
निगेटिव बैलेंस पर स्मार्ट प्रीपेड मीटरों का कनेक्शन काटे जाने और रिचार्ज होने के बाद जोड़े जाने पर पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने विस्तृत रिपोर्ट विद्युत नियामक आयोग में प्रस्तुत किया है। जिसमें बताया है कि 13 मार्च से 10 अप्रैल तक 40,27,307 स्मार्ट प्रीपेड मीटर विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन निगेटिव बैलेंस पर काटे गए थे।
24,14,179 उपभोक्ताओं ने बैलेंस रिचार्ज कराया था। जिसमें से 22,21,036 उपभोक्ताओं के कनेक्शन दो घंटे के अंदर जुड़ गए थे। 1,93,143 उपभोक्ताओं के कनेक्शन रिचार्ज के दो घंटे के अंदर नहीं जुड़ पाए।
इस मामले में राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने आयोग में प्रस्ताव दाखिल कर दो घंटे बाद जुड़ने वाले कनेक्शन के उपभोक्ताओं को मुआवजा दिलाने की मांग की है। कहा गया कि कस्टमर केयर नंबर 1912 पर मुआवजे के लिए दावा करने की कोई पारदर्शी व्यवस्था नहीं है।
इस मामले में प्रबंधन द्वारा यह कहा जाना कि किसी ने मुआवजा नहीं मांगा है, गलत है। आयोग द्वारा बनाए गए रेगुलेशन-2019 के अनुसार रिचार्ज कराने के दो घंटे में बिजली नहीं आने पर उपभोक्ता को प्रतिदिन 50 रुपये की दर से मुआवजा मिलने की व्यवस्था है।
खबरें और भी
वर्मा ने बताया है कि जो तथ्य सामने आए हैं उनमें रेगुलेशन का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हुआ। मुआवजे के लिए पारदर्शी प्रणाली विकसित नहीं की गई है। प्रीपेड मीटर की तकनीकी पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
यह भी पढ़ें- राहत की खबर: यूपी में स्मार्ट मीटर लगने पर लगी रोक, बिजली बिल से परेशान जनता को मिली जबरदस्त राहत
यह भी पढ़ें- पैसे लेकर भी नहीं दिया कनेक्शन, बिजली चोरी का 61 हजार का नोटिस लेकर घूम रहा पीड़ित; अलीगढ़ का है मामला