यूपी के सभी मुख्य डाकघरों में अब रविवार को भी मिलेगी आधार सेवा, बायोमीट्रिक अपडेट कराना हुआ आसान
उत्तर प्रदेश के सभी मुख्य डाकघरों में अब रविवार को भी आधार पंजीयन, अपडेट और संशोधन की सुविधा मिलेगी। ...और पढ़ें

यूपी के सभी मुख्य डाकघरों में अब रविवार को भी मिलेगी आधार सेवा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
महेन्द्र पाण्डेय, लखनऊ। मुख्यालय परिक्षेत्र के जिलों में रविवार को भी आधार पंजीयन, अपडेट और संशोधन सुविधा शुरू करने के बाद इस व्यवस्था को प्रदेश के सभी जिलों में लागू किया जा रहा है।
अब सभी जिलों में मुख्य डाकघर (हेड पोस्ट ऑफिस) में रविवार को आधार का एक-एक काउंटर शुरू किया जा रहा है। मुख्यालय परिक्षेत्र के लखनऊ, सीतापुर, अयोध्या, रायबरेली व बाराबंकी सहित कई जिलों में यह व्यवस्था प्रभावी है, जबकि अन्य जिलों को भी यह व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
पोस्ट मास्टर जनरल (पीएमजी) सुनील कुमार राय ने बताया कि मुख्यालय के छह जिलों (लखनऊ, रायबरेली, अंबेडकरनगर, सीतापुर, बाराबंकी व अयोध्या) के 156 डाकघरों में आधार सेवा केंद्र संचालित हैं, जबकि 886 मोबाइल डिवाइस के जरिए घर-घर आधार सेवाएं भी दी जा रही हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोग आधार पंजीयन या अपडेट इसलिए नहीं करा पा रहे हैं, क्योंकि वे कार्यदिवस में ऑफिस, विद्यालय या अन्य कार्यों को छोड़कर आ नहीं पाते।
मई में भी लागू हुई थी व्यवस्था
इसे देखते हुए मुख्यालय परिक्षेत्र में गत मई में रविवार को आधार बनाने की व्यवस्था लागू की गई थी। परिक्षेत्र में गत अप्रैल से 22 जुलाई तक 91,650 आधार नामांकन किए गए, जबकि 3,66,537 लोगों के आधार अपडेट व संशोधित किए गए। निश्चित ही रविवार को भी आधार पंजीयन शुरू किए जाने से लोगों को आसानी हुई। अब इसे प्रदेश के सभी जिलों में लागू करने का निर्णय लिया गया।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए 70 किमी दूर जाने को मजबूर लोहारू के लोग, भिवानी में जनता परेशान
पांच व 15 वर्ष की आयु पर बच्चों का आधार अपडेट अनिवार्य
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने बच्चों के पांच और 15 वर्ष की आयु पूरी करने पर अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट (एमबीयू) को अनिवार्य किया है। पांच और 15 वर्ष की आयु पर बच्चों के आधार में फिंगर प्रिंट, आइरिस और फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाता है।
खबरें और भी
बच्चों के बायोमीट्रिक डेटा की सटीकता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए एमबीयू का समय पर पूरा होना आवश्यक है। बायोमीट्रिक अपडेट होने से स्कूल में प्रवेश, परीक्षाओं के लिए पंजीकरण, छात्रवृत्ति व डीबीटी योजनाओं के लाभ में आधार के उपयोग में दिक्कत नहीं आती।
सरकारी कर्मचारियों व विद्यालयों में कार्यरत स्टाफ एवं विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। रविवार को आधार पंजीयन होने से बड़ी संख्या में लोगों को आसानी होगी।
-सुनील कुमार राय, पीएमजी, लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र।