Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए 70 किमी दूर जाने को मजबूर लोहारू के लोग, भिवानी में जनता परेशान

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 02:26 PM (GMT+05:30)

    लोहारू में स्थायी आधार केंद्र न होने से लोगों को छोटे अपडेट के लिए भी 70 किमी दूर भिवानी या राजस्थान के गांवों तक जाना पड़ रहा है। ...और पढ़ें

    लोहारू में स्थायी आधार केंद्र की मांग तेज (प्रतीकात्मक फोटो)

    लोहारू में स्थायी आधार केंद्र की मांग तेज (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. लोहारू में स्थायी आधार केंद्र न होने से लोग परेशान।

    2. छोटे अपडेट के लिए 70 किमी दूर भिवानी जाना पड़ता है।

    3. प्रशासन के उदासीन रवैये से जनता में भारी रोष।

    महेश श्योराण, लोहारू। आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर में छोटा-सा संशोधन करवाना हो या बायोमेट्रिक अपडेट कराना हो, लोहारू तहसील क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए यह काम परेशानी का सबब बन गया है।

    लोहारू में स्थायी आधार केंद्र की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को आधार से जुड़े मामूली अपडेट और सुधार के लिए भी राजस्थान के आसपास के गांवों या करीब 70 किलोमीटर दूर भिवानी स्थित कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

    ग्रामीणों का कहना है कि आधार कार्ड आज प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी दस्तावेज बन चुका है। बैंकिंग सेवाओं, पेंशन, छात्रवृत्ति, राशन, सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों और अन्य सरकारी सेवाओं में आधार की आवश्यकता पड़ती है। इसके बावजूद लोहारू जैसे तहसील मुख्यालय पर स्थायी आधार केंद्र का नहीं होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

    छोटे अपडेट के लिए भी लंबा सफर

    ग्रामीणों के अनुसार आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदलवाना हो, नाम या पते में मामूली सुधार करवाना हो, जन्मतिथि ठीक करवानी हो या बायोमेट्रिक अपडेट करवाना हो, इसके लिए भी उन्हें लोहारू से बाहर जाना पड़ता है।

    कई लोग मजबूरी में राजस्थान सीमा से लगते गांवों में उपलब्ध आधार केंद्रों का सहारा लेते हैं, जबकि अनेक लोगों को करीब 70 किलोमीटर दूर भिवानी तक जाना पड़ रहा है। दूर जाने के बावजूद समस्या खत्म नहीं होती।

    आधार केंद्रों पर भीड़ अधिक होने के कारण कई बार लोगों का काम पहली यात्रा में नहीं हो पाता। ऐसे में दोबारा सफर करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि एक छोटे से संशोधन के लिए पूरा दिन और आने-जाने में अतिरिक्त पैसा खर्च करना पड़ रहा है।

    खबरें और भी

    बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

    आधार में बायोमेट्रिक अपडेट और बच्चों के आधार से जुड़े कार्यों के लिए परिवारों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है। बुजुर्गों को दूर स्थित केंद्रों तक ले जाना मुश्किल होता है। छोटे बच्चों को लेकर महिलाओं को भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। दिव्यांग और गंभीर रूप से असमर्थ लोगों के लिए यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।

    ग्रामीणों ने बताया कि कई बार आधार में केवल मोबाइल नंबर अपडेट करवाना होता है, लेकिन इसके लिए भी दूर जाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि तहसील मुख्यालय पर अधिकृत आधार केंद्र शुरू हो जाए तो क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।

    एसडीएम कार्यालय में कई बार उठा चुके हैं मांग

    लोगों का आरोप है कि लोहारू में आधार केंद्र स्थापित करने की मांग कोई नई नहीं है। लोगों द्वारा कई बार एसडीएम कार्यालय में स्थायी आधार केंद्र शुरू करने की मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को इस गंभीर जनसमस्या को लेकर संबंधित विभाग और यूआईडीएआई से समन्वय कर ठोस कदम उठाना चाहिए।

    लोगों का आरोप है कि बार-बार मांग और शिकायतों के बावजूद प्रशासन का रवैया उदासीन बना हुआ है। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब लोहारू तहसील मुख्यालय पर प्रशासनिक कार्यालय, बैंक, सरकारी संस्थान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं तो आधार जैसी आवश्यक सेवा के लिए लोगों को दूसरे जिलों और राजस्थान के गांवों में क्यों जाना पड़े।

    तहसील मुख्यालय पर स्थायी केंद्र की मांग

    ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) से मांग की है कि लोहारू तहसील मुख्यालय पर स्थायी और अधिकृत आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्र जल्द शुरू किया जाए। केंद्र पर नए आधार नामांकन के साथ मोबाइल नंबर, नाम, पता, जन्मतिथि, बायोमेट्रिक और बच्चों के आधार से संबंधित सभी जरूरी सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध करवाई जाएं।

    ग्रामीणों का कहना है कि लोहारू क्षेत्र की बड़ी आबादी को आधार संबंधी छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में धक्के खाने पड़ रहे हैं। इससे न केवल लोगों का समय और पैसा बर्बाद हो रहा है, बल्कि बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रशासन को अब इस समस्या का स्थायी समाधान करते हुए लोहारू तहसील मुख्यालय पर आधार केंद्र शुरू करवाना चाहिए।