यूपी को जल्द मिलेगी 374 सड़कों की सौगात, डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को दिए निर्देश
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूपीआरआरडीए को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 374 मार्गों का शिलान्यास जल्द कराने के निर्देश दिए हैं।
-1788875831974_m.webp)
इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
374 नए ग्रामीण मार्गों का शिलान्यास जल्द कराने के निर्देश।
पीएमजीएसवाई फेज-3 के शेष कार्य तत्काल पूरे किए जाएं।
एफडीआर तकनीक से ₹1096.88 करोड़ की बचत हुई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (यूपीआरआरडीए) को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के फेज-4 के तहत भारत सरकार द्वारा स्वीकृत 374 मार्गों का जल्द से जल्द शिलान्यास कराने के निर्देश दिए हैं। उन्हाेंने कहा कि इसकी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।
वहीं, योजना के फेज-3 के शेष मार्गों का निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराया जाए। उपमुख्यमंत्री ने 250 आबादी वाले गांवों को भी योजना से जोड़ने के लिए भारत सरकार से अनुमति प्राप्त करने के लिए कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
मंगलवार को योजना भवन में हुई यूपीआरआरडीए की साधारण सभा की बैठक में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त विभाग से समन्वय कर वित्तीय स्वीकृतियां तत्काल जारी कराई जाएं। ग्रामीण मार्गों का निर्माण पूरा होने से पहले किनारे पर फलदार पौधे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य तकनीकी टीम मार्गों का परीक्षण पूरा करने के बाद ही केंद्रीय सर्वेक्षण टीम को बुलाए।
1096.88 करोड़ की हुई बचत
बैठक में पीएमजीएसवाई के तहत मार्गों के नवीनीकरण-उच्चीकरण के लिए फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (एफडीआर) तकनीक को अपनाने संबंधी कार्यवृत्त का अनुमोदन किया गया। बताया गया कि एफडीआर तकनीक से प्रदेश में 5809.99 किलोमीटर लंबाई की 746 सड़कों का निर्माण-उच्चीकरण किया गया है। इससे पारंपरिक तकनीक की तुलना में 1096.88 करोड़ रुपये की बचत हुई है। इस तकनीक में लगभग 20 प्रतिशत कम सीमेंट का उपयोग होता है।
साथ ही लगभग 1,600 किलोमीटर सड़कों में एग्रीगेट की 20 से 25 प्रतिशत तक बचत हुई है। उपमुख्यमंत्री ने यूपीआरआरडीए को सड़क रख-रखाव में प्रथम स्थान, पोस्ट-डीएलपी रख-रखाव में तीसरा स्थान और अधिकतम पूर्ण लंबाई में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर भी बधाई दी।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में 69 साल पुराने बरुआ नदी सेतु की जगह 14.73 करोड़ से बनेगा नया पुल, 90 मीटर होगी लंबाई
बैठक में राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास सौरभ बाबू, सचिव एवं आयुक्त ग्राम्य विकास प्रमोद कुमार उपाध्याय, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीआरआरडीए शिव सहाय अवस्थी आदि उपस्थित रहे।
