यूपी STF ने पंजाब से शराब तस्कर को किया गिरफ्तार, प्रयागराज पुलिस ने रखा था 50 हजार का इनाम
एसटीएफ ने पंजाब के मोहाली से शराब तस्कर मनवीर सिंह उर्फ मन्नू को गिरफ्तार किया है, जिस पर प्रयागराज पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था। ...और पढ़ें

एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार मनवीर सिंह उर्फ़ मन्नू
HighLights
एसटीएफ ने मोहाली, पंजाब से शराब तस्कर मन्नू को पकड़ा।
प्रयागराज पुलिस ने मन्नू पर 50 हजार का इनाम रखा था।
मन्नू अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का सक्रिय सदस्य है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। एसटीएफ ने विभिन्न राज्यों में शराब तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य को पंजाब के मोहाली स्थित जीरकपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मनवीर सिंह उर्फ मन्नू के रूप में हुई है।
प्रयागराज पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में आरोपित के ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। आरोपित करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपित ने एसटीएफ को बताया कि उसके गिरोह का सरगना नवदीप सिंह उर्फ नवी ग्रेवाल उर्फ लकी है। जीरकपुर स्थित सिटी एन्क्लेव निवासी लकी उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात व झारखंड में अवैध शराब की तस्करी करता है। उसके गिरोह के सदस्यों द्वारा चंडीगढ़ से सस्ती दरों पर शराब लेकर अन्य राज्यों में तस्करी की जाती थी।
पुलिस से बचने के लिए गिरोह ट्रक में अंडें, प्लास्टिक का कबाड़ व आलू जैसी सामग्री के बीच में शराब छिपाकर तस्करी करते थे। वर्ष 2023 में मन्नू को पंजाब से बिहार में शराब की तस्करी करते समय अमेठी से गिरफ्तार किया गया था। उसके साथ पवन कुुमार भी पकड़ा गया था। दोनों को जेल भेज दिया गया था।
वहां से छूटने के बाद आरोपित ने दोबारा अवैध शराब की तस्करी शुरू कर दी। इसी सिलसिले में वर्ष 2023 में प्रयागराज में नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रयागराज पुलिस ने इसी गिरोह द्वारा बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब का ट्रक पकड़ा था।
एसटीएफ को बीते दिनों मन्नू के मोहाली में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ ने बुधवार को मोहाली स्थित जीरकपुर में कल्याण ज्वेलर के सामने गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा होगी और भी मजबूत, SSB और यूपी पुलिस चलाएगी संयुक्त अभियान