विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी के समान पक्षी विहार को मिला नया नाम, मयन ऋषि पक्षी विहार; योगी सरकार का निर्णय

Published: Wed, 26 Aug 2026 08:34 AM (IST)

मैनपुरी स्थित समान पक्षी विहार का नाम बदलकर अब मयन ऋषि पक्षी विहार कर दिया गया है। प्रदेश सरकार ने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. समान पक्षी विहार अब मयन ऋषि पक्षी विहार कहलाएगा।

  2. पर्यटन विकास को छह हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित करने की मंजूरी।

  3. रामसर स्थल में शामिल यह पक्षी विहार मैनपुरी में।

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। मयन ऋषि की तपोभूमि कहे जाने वाले मैनपुरी में स्थित समान पक्षी विहार को अब उनके ही नाम से जाना जाएगा। प्रदेश सरकार ने रामसर स्थलों में शामिल इस पक्षी विहार का नाम मयन ऋषि पक्षी विहार करने का निर्णय लिया है। वहीं पक्षी विहार के नजदीक पर्यटन विकास के लिए छह हेक्टेयर ग्रामसभा भूमि को पर्यटन विभाग के पक्ष में निश्शुल्क हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंगलवार को कैबिनेट ने स्वीकृति दी है।

प्रमुख वेटलैंड्स में शामिल हैं यह पक्षी विहार

मैनपुरी स्थित यह पक्षी विहार प्रदेश के प्रमुख वेटलैंड्स में शामिल है। तकरीबन 5.25 वर्ग किलोमीटर में फैले इस स्थल को वर्ष 2019 में रामसर साइट घोषित किया गया था। पूर्व में इस पक्षी विहार का नाम मयन ऋषि के नाम पर रखने की मांग उठी थी। मयन ऋषि, मैनपुरी के ही थे। माना जाता है कि मयन ऋषि के नाम पर ही जिले का नाम मैनपुरी पड़ा है।

सारस क्रेन सहित कई पक्षी करते हैं प्रवास

वित्त कार्य सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस पक्षी विहार में सारस क्रेन समेत देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही विदेश से भी अनेक प्रजातियों के पक्षी प्रवास के दौरान पहुंचते हैं। यहां नाव से पक्षियों को नजदीक से देखने और वॉच टावर के माध्यम से पक्षियों का अवलोकन करने की संभावनाएं भी हैं।

रामसर स्थलों में शामिल मैनपुरी स्थित पक्षी विहार का नाम बदलने का सरकार ने लिया निर्णय

वहीं प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार, सैंडी पक्षी विहार, हरदोई, बखिरा पक्षी विहार, संत कबीरनगर, विजय सागर पक्षी विहार, महोबा, लाख बहोसी पक्षी विहार, हमीरपुर, समसरोवर पक्षी विहार, आगरा सहित कई महत्वपूर्ण पक्षी विहार हैं। इन स्थलों पर बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी विशेष रूप से शरद ऋतु में पहुंचते हैं।

पर्यटन विकास को ग्रामसभा की छह हेक्टेयर भूमि के निश्शुल्क हस्तांतरण को कैबिनेट की स्वीकृति

योगी सरकार की ओर से पक्षी विहारों के विकास के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बर्ड-वॉचिंग सर्किट में इन्हें शामिल करने, आधारभूत सुविधाओं का विकास, वॉच टावर, साइन बोर्ड, सोलर लाइटिंग और जैव विविधता अध्ययन केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और पर्यटकों की सुविधा के लिए कार्ययोजनाएं तैयार की जा रही हैं। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार समान पक्षी विहार के निकट किशनी तहसील के ग्राम समान की छह हेक्टेयर ऊसर भूमि पर्यटन विभाग को दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड भाजपा ने की आठ नए प्रदेश प्रवक्ता की घोषणा, देहरादून से रवींद्र जुगरान और शादाब शम्स

ग्राम भूमि प्रबंधक समिति पहले ही जमीन पर्यटन विभाग को उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित कर चुकी है। पर्यटन सुविधाओं के विकास से यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- जीवनसंगिनी ने निभाया सात फेरों का वचन: मां ने मना किया, पति ने रोका फिर भी सुहाग के लिए डोनर बनी पत्नी, ऐसे बचाई जान