फिर दिखेगा 'मिर्जापुर' के गुड्डू और मुन्ना भैया का भौकाल, मूवी के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंची स्टारकास्ट
फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर को रिलीज होगी, जिसके प्रमोशन के लिए अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और जितेंद्र कुमार लखनऊ पहुंचे।

'मिर्जापुर: द मूवी' के कलाकार अली फजल, दिव्येंदु शर्मा व जितेंद्र कुमार
HighLights
'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।
अली फजल, दिव्येंदु शर्मा ने लखनऊ में फिल्म का प्रमोशन किया।
कलाकारों ने वेब सीरीज की सफलता के बाद दबाव पर बात की।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मिर्जापुर वेब सीरीज के बाद अब 'मिर्जापुर: द मूवी' रिलीज होने के लिए तैयार है। इस फिल्म के कलाकारों ने बुधवार को गोमतीनगर में अपने अनुभव साझा किए। अभिनेता अली फजल ने कहा कि वेबसीरीज हिट होने से 'मिर्जापुर: द मूवी' को लेकर दबाव था, लेकिन अब प्रमोशन के साथ इससे उबर रहे हैं।
'मिर्जापुर: द मूवी' चार सितंबर को रिलीज होगी। अली फजल के साथ आए अभिनेता दिव्येंदु शर्मा और जितेंद्र कुमार ने भी फिल्म से जुड़े किस्से साझा किए। दिव्येंदु ने कहा कि ट्रेलर में बड़े भौकाल, गद्दी की जंग और ‘मिर्जापुर’ की दमदार दुनिया की झलक दिखाई गई है।
लखनऊ में हुआ फिल्म का प्रमोशन
फिल्म में इससे भी अधिक देखने को मिलेगा। जितेंद्र कुमार ने अपने किरदार और बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ की दुनिया को देखने के अनुभव को लेकर बात की।
कहा, ‘मिर्जापुर’ की कहानी और इसकी दुनिया का उत्तर प्रदेश से खास कनेक्शन रहा है। ऐसे में लखनऊ में फिल्म का प्रमोशन करना हमारे लिए खास है। कलाकारों ने शहर का भ्रमण भी किया। साहू थिएटर में प्रशंसकों से मिले और उसके साथ फोटो भी खिंचाई।

