विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिक्स लेन होगा लखनऊ-सीतापुर हाईवे, 1000 करोड़ के प्रोजेक्ट को दीपावली से पहले मिल सकती है हरी झंडी

Published: Mon, 07 Sep 2026 07:55 PM (IST)

लखनऊ से सीतापुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग को चार से छह लेन करने की 1000 करोड़ की परियोजना को दीपावली से पहले मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग चार से छह लेन होगा।

  2. 1000 करोड़ की परियोजना को दीपावली से पहले मंजूरी।

  3. 63 किमी मार्ग पर 7 नए अंडरपास बनेंगे।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी से सीतापुर का सफर और सुगम होने जा रहा है। बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने छह माह पहले चौड़ीकरण को लेकर सर्वे कराया था।

सर्वे पूरा होने के बाद एक समग्र रिपोर्ट सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भेज दी गई है। सूत्रों के मुताबिक दीपावली से पहले इसकी स्वीकृति मिलनी तय है। आगामी विधानसभा चुनाव काे देखते हुए लखनऊ से सीतापुर (एनएच 30) को चार से छह लेन करने का दबाव लगातार जनप्रतिनिधियों द्वारा बनाया जा रहा था।

एक हजार करोड़ की इस परियोजना के पूरा होने से लखनऊ से सीतापुर के बीच पड़ने वाली नौ विधानसभा सीटें (महोली, सीतापुर, हरगांव, लहरपुर, बिसवां, सेवता, महमूदाबाद, सिधौली और मिश्रिख) प्रभावित होंगी। यहां के जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में पड़ने वाले चौराहों पर अंडरपास के प्रस्ताव भी दिए थे, जिनका भी सर्वे पूरा कर लिया गया है।

एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक सात स्थानों पर अंडरपास दिए गए हैं। उद्देश्य है कि यहां से वाहनों को मोड़ने, फ्लाइओवर से उतरने और यू टर्न में परेशानी न हो और दुर्घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लग सके। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण लखनऊ की आउटर रिंग रोड से शुरू होगा जो सीतापुर तक जाएगा।

करीब 63 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग को बनाने में किसी प्रकार की जमीन का अधिग्रहण नहीं होगा। इसके कारण यह प्रोजेक्ट आगामी एक से डेढ़ साल में होने की संभावना है। प्रोजेक्ट देख रहे अफसरों के मुताबिक वर्तमान में चार लेन के लखनऊ सीतापुर एक्सप्रेसवे पर पर्याप्त जमीन उपलब्ध है।

प्रोजेक्ट की धनराशि स्वीकृति होते ही टेंडर प्रकिया शुरू कर दी जाएगी। उधर प्राधिकरण ने चौड़ीकरण के दौरान पड़ने वाले कुछ पेड़ों को स्थानांतरण और काटने के लिए वन विभाग से इजाजत भी मांगी है। इसके लिए पत्राचार की प्रकिया तेज कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- दीपावली पर ट्रेन फुल, लखनऊ मेल में रिग्रेट तो तेजस, शताब्दी और वंदे भारत में दस मिनट में वेटिंग

इन स्थानों पर बनेंगे अंडरपास

  • वैदेही वटिका
  • खैराबाद
  • सिधौली
  • विक्रमपुर
  • इंटौजा
  • लहरपुर
  • अटरिया


लखनऊ से सीतापुर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग को चार से छह लेन का सर्वे होने के बाद स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही एक हजार करोड़ के इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर अंडरपास भी प्रस्तावित हैं। सड़क चौड़ीकरण और अंडरपास के काम साथ-साथ चलेंगे।

                                                                    गौतम विशाल, क्षेत्रीय अधिकारी, एनएचएआई