लखनऊ : राज हत्याकांड में फरार सावन गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने की बरामद
राज उर्फ मोनू हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी सावन निषाद को सैरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

HighLights
राज उर्फ मोनू हत्याकांड में सावन निषाद गिरफ्तार।
वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस बरामद।
मामले में पांच अन्य आरोपी पहले ही पकड़े गए।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सैरपुर के बीरमपुर निवासी राज उर्फ मोनू हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपित सावन निषाद को सैरपुर पुलिस और डीसीपी उत्तरी की सर्विलांस टीम ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में पांच आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि राज आठ अगस्त की रात से लापता था। उसके पिता कुंज बिहारी की तहरीर पर नौ अगस्त को गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जांच में सामने आया कि विवेक उसे मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गया था। छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का राज खोला। पुलिस के अनुसार, राज का कुछ दिन पहले विजय से विवाद हुआ था।
एक साल पहले हुआ था विवाद
वहीं, हंसराज से भी करीब एक वर्ष पहले विवाद हुआ था। पुराने विवादों को लेकर आरोपितों ने राज से बदला लेने की साजिश रची। आठ अगस्त को अजीत ने राज को समझौते के बहाने बुलाया। उसे विवेक के साथ बंसीघड़ी स्थित बाग में ले जाया गया। वहां शराब पीने के बाद अन्य आरोपित भी पहुंच गए।
आरोप है कि विजय ने रस्सी से राज का गला दबाया और अन्य आरोपितों ने मारपीट की। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर गोमती नदी में फेंक दिया गया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ : पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने वाले विजय बहादुर को उम्रकैद, ऑपरेशन कन्विक्शन से मिला न्याय
पुलिस ने 13 अगस्त को अजीत, अंशु, विवेक और हंसराज तथा 14 अगस्त को विजय को गिरफ्तार किया था। शनिवार को सावन को रैथा अंडरपास से धतिंगरा जाने वाले चक मार्ग से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।

