लखनऊ : पंचमुखी हनुमान मंदिर में चोरी का खुलासा, पुलिस ने रेकी करने वाले 3 शातिर चोरों को दबोचा
महानगर पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से आभूषण और सीसीटीवी डीवीआर चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपित मंदिरों की रेकी कर धातु की धार्मिक वस्तुएं और आभूषण चुराते थे, जिन्हें बेचकर अपने शौक पूरे करते थे।

HighLights
पंचमुखी हनुमान मंदिर से आभूषण, डीवीआर चोरी
महानगर पुलिस ने तीन चोरों को दबोचा
आरोपित मंदिरों की रेकी कर करते थे चोरी
जागरण संवाददाता, लखनऊ। ग्रीन कारिडोर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भगवान की मूर्ति के आभूषण और सीसी का डीवीआर चोरी करने वाले गिरोह के तीन चोरों को महानगर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित मंदिरों में लगी धातु की धार्मिक वस्तुओं और आभूषणों को निशाना बनाते थे। चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम से अपने खर्च और शौक पूरे करते थे।
इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित बादशाहनगर निवासी रिजवान, मोहम्मद आदिल और पेपरमिल कालोनी निवासी विजय मौर्या उर्फ नाटू के रूप में हुई। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीन अगस्त को न्यू हैदराबाद निवासी प्रदीप कुमार शर्मा ने महानगर थाने में तहरीर दी थी। इसमें पंचमुखी हनुमान मंदिर से भगवान की मूर्ति के आभूषण और सीसी कैमरे का डीवीआर चोरी होने की जानकारी दी गई थी।
घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों को पकड़ा
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध शक्ति वन अकबरनगर के पास बंधे की ओर आने वाले हैं। पुलिस ने वहां चेकिंग शुरू की। इसी दौरान काले-लाल रंग की बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उन्होंने पंचमुखी हनुमान मंदिर के साथ गुडंबा क्षेत्र के पीपलेश्वर महादेव मंदिर में चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार गिरोह पहले मंदिरों की रेकी करता था। धार्मिक वस्तुओं और आभूषणों की जानकारी जुटाने के बाद रात में औजार लेकर पहुंचता था।
चोरी के दौरान सीसी का डीवीआर भी निकाल लेते थे, ताकि पहचान संबंधी साक्ष्य पुलिस के हाथ न लग सकें। चोरी के बाद सफेद और पीली धातु की वस्तुओं को बेचकर रकम हासिल की जाती थी। गिरफ्तार रिजवान पर बहराइच और लखनऊ में चोरी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी की दुधवा रोड पर बड़ा सड़क हादसा, कार और बाइक की टक्कर में 2 युवकों की मौत, 3 घायल
आदिल और विजय के खिलाफ भी महानगर और गुडंबा थाने में मंदिर चोरी के मुकदमे दर्ज मिले हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं से उनका कनेक्शन तलाश रही है।

