लखीमपुर खीरी की दुधवा रोड पर बड़ा सड़क हादसा, कार और बाइक की टक्कर में 2 युवकों की मौत, 3 घायल
दुधवा रोड पर कार-बाइक की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा दुधवा नेशनल पार्क से लौटते समय फरसहिया टांडा तिराहा के पास हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
-1786784221426_m.webp)
सड़क दुर्घटना का प्रतीकात्मक फोटो।
HighLights
दुधवा रोड पर कार-बाइक की जोरदार टक्कर हुई।
हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई।
तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, अस्पताल रेफर।
जागरण संवाददाता, पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क घूमकर लौट रहे एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की बाइक की दुधवा रोड पर फरसहिया टांडा तिराहा के पास पुलिया पर कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनो युवक सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। दो लोग सड़क पर खड़े थे वह भी दुर्घटना की चपेट में आ गए। दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पलिया कोतवाली क्षेत्र के गांव पटीहन के मजरा राजाटापर निवासी तीन लोग शनिवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर दुधवा नेशनल पार्क घूमने गए थे। वापस लौटते समय फरसहिया टांडा तिराहा के पास हादसा हो गया। बताया गया है कि पलिया की ओर से जा रही कार और बाइक की पुलिया के पास आमने-सामने टक्कर हो गई।
एंबुलेंस की मदद से सभी को लगाया गया पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनो युवक उछलकर दूर जा गिरे और घायल हो गए। वही सड़क पर खड़े आतिश व अनिकेत वाहनों की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर बंसीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
चिकित्सकों ने आनंद और शिवा को मृत घोषित कर दिया और गम्भीर रूप से घायल रोहित और अनिकेत की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं आतिश का इलाज पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ के 2.24 लाख बिल्डिंग मालिकों को तोहफा, बकाया हाउस टैक्स पर मिलेगी छूट; कल से शुरू होगी OTS योजना
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के स्वजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कार चालक फरार बताया गया है।

