विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में शौक पूरा करने को डिलीवरी ब्वाय बना लुटेरा, मॉर्निंग वॉक पर महिला से लूटी थी चेन; साथी समेत 2 गिरफ्तार

Updated: Sat, 15 Aug 2026 07:05 PM (IST)

लखनऊ में ब्लिंकिट के दो डिलीवरी बॉय, अभिषेक और विभाकर, चेन और मोबाइल स्नैचिंग के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं। वे अपने शौक और निजी खर्चों को पूरा करने के लिए राहगीरों को निशाना बनाते थे, पुलिस ने उनके पास से दो चेन बरामद की हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. ब्लिंकिट के दो डिलीवरी बॉय गिरफ्तार, चेन स्नैचिंग में शामिल।

  2. निजी खर्च और शौक पूरे करने के लिए करते थे वारदातें।

  3. जानकीपुरम पुलिस ने दो चेन और बाइक बरामद की।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करने वाले दो युवकों ने अपने शौक और निजी खर्च पूरे करने के लिए चेन स्नैचिंग का रास्ता अपना लिया। दोनों बाइक से निकलते और राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल और चेन छीनकर फरार हो जाते थे। जानकीपुरम पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चेन और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि 13 अगस्त को आयुष विहार निवासी बृजकिशोर बाजपेयी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी मार्निंग वाक के लिए जा रही थीं। भिटौली क्रासिंग के पास पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने उनकी चेन खींच ली और भाग निकले। शिकायत पर जानकीपुरम थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की।

ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करते हैं दोनों आरोपित

सीसी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची। 14 अगस्त की रात करीब 10:10 बजे सीडीआरआइ के पास से अभिषेक कुमार और विभाकर उर्फ सानू गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर जानकीपुरम और गाजीपुर क्षेत्र की चेन स्नैचिंग से संबंधित दो चेन बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों की उम्र करीब 20 वर्ष है और दोनों ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करते हैं।

पूछताछ में सामने आया कि डिलीवरी के दौरान शहर की सड़कों और आवाजाही वाले इलाकों की जानकारी का फायदा उठाकर वह सुनसान या कम भीड़ वाले स्थानों पर राहगीरों को निशाना बनाते थे। छीनी गई चेन और मोबाइल बेचकर मिलने वाली रकम से निजी खर्च और शौक पूरे करते थे।

यह भी पढ़ें- लखनऊ : पंचमुखी हनुमान मंदिर में चोरी का खुलासा, पुलिस ने रेकी करने वाले 3 शातिर चोरों को दबोचा

वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक के आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर उसे एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। अभिषेक के खिलाफ सीतापुर के पिसावा थाने में मारपीट और धमकी समेत धाराओं में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने कितनी अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है।