Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का चित्रकूट धाम कर्वी तक हुआ विस्तार, बढ़ेंगी 12 बोगियां

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 09:39 PM (IST)

    मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी अब चित्रकूट धाम कर्वी तक जाएगी और इसमें बोगियों की संख्या 12 से बढ़कर 24 हो जाएगी। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. इंटरसिटी ट्रेन का चित्रकूट धाम कर्वी तक विस्तार।

    2. ट्रेन में बोगियों की संख्या 12 से 24 हुई।

    3. रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी, यात्रियों को मिलेगी अधिक सुविधा।

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ से लखनऊ होकर कानपुर तक जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस से सफर करना अब और आसान होगा। इस ट्रेन में अब 12 की जगह 24 बोगियां होंगी। साथ ही ट्रेन कानपुर की जगह चित्रकूट धाम कर्वी तक जाएगी।

    इसके लिए प्रतापगढ़-कानपुर और कानपुर-चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस के रेक को आपस में लिंक भी किया जाएगा । ट्रेन में बोगियों की संख्या दोगुणी करने और चित्रकूट धाम कर्वी तक विस्तार के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड ने स्वीकृति दे दी है।

    ट्रेन 14123/14124 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-कानपुर सेंट्रल इंटरसिटी लखनऊ की लोकप्रिय ट्रेनों में से एक है। इस ट्रेन से जितनी संख्या में दैनिक यात्री कानपुर जाते हैं, उतने ही प्रतापगढ़ के लिए भी यात्री सफर करते हैं। इस ट्रेन में बोगियों की संख्या बढ़ाने की मांग लगातार हो रही थी।

    कानपुर में ट्रेन का प्राइमरी मेंटनेंस होता है, जहां वाशिंग लाइन की क्षमता अधिक न होने से रेलवे बोगियां नहीं बढ़ा पा रहा था। उत्तर रेलवे लखनऊ के सीनियर डीओएम रजनीश श्रीवास्तव की ओर से रेलवे बोर्ड को मां बेल्हा देवी धा प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी और 14109/14110 चित्रकूटधाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस का विलय कर इसका विस्तार देने का प्रस्ताव भेजा था।

    खबरें और भी

    इस प्रस्ताव पर फिजिबिलिटी रिपोर्ट आने के बाद बोर्ड ने स्वीकृति दे दी है। अब रूट विस्तार के संचालन का नोटिफिकेशन रेलवे जल्द ही जारी करेगा। बढ़ी हुई क्षमता से कानपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रतापगढ़ और रूट के अन्य स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।

    अब इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

    विलय के बाद इस ट्रेन का ठहराव मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, चिलबिला, मां चंद्रिका देवी धाम अंतू, अमेठी, गौरीगंज, काशिमपुर, जायस, फुरसतगंज, रायबरेली, हरचंदपुर, बछरावां, निगोहां, लखनऊ, मानक नगर, उन्नाव, कानपुर सेंट्रल, भीमसेन, कठारा रोड, पनारा, घाटमपुर, हमीरपुर रोड, यमुना साउथ बैंक, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, अतर्रा स्टेशनाें पर भी होगी।

    यह भी पढ़ें- स्वतंत्रता दिवस पर रेलवे स्टेशनों पर गूंजेंगे देशभक्ति के गाने, यात्रियों में जगेगी देशप्रेम की भावना