अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि आज, प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित कर सपा से सवाल पूछेगी भाजपा
भाजपा पिछड़ा मोर्चा आज अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव से औरैया के महाविद्यालय ...और पढ़ें

पिछड़ा माेर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिलाध्यक्षों को दिए निर्देश
HighLights
भाजपा पिछड़ा मोर्चा मनाएगा अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव से पूछे जाएंगे तीखे सवाल।
औरैया कॉलेज का नाम बदलने पर भाजपा ने उठाया मुद्दा।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर भाजपा पिछड़ा मोर्चा ने समाजवादी पार्टी को घेरने जा रहा है। गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा पिछड़ा मोर्चा द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। पदाधिकारी सपा प्रमुख से अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने महाविद्यालय का नाम बदलने को लेकर सवाल करेंगे। इस संबंध में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने जिला अध्यक्षों व पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में जनकल्याण, न्याय, सुशासन और सनातन संस्कृति के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अनेक तीर्थस्थलों और मंदिरों का पुनर्निर्माण व जीर्णोद्धार कराया। सनातन संस्कृति के गौरव को पुनर्स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जवाब देना चाहिए कि औरैया के बिधूना में स्थापित राजकीय महाविद्यालय का नाम एक समय लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर था, उसे क्यों बदला गया? नाम बदलने का कारण कहीं यह तो नहीं था कि अहिल्याबाई होल्कर अति पिछड़े समाज से आती थीं या उन्होंने मुगल आक्रांताओं द्वारा ध्वस्त किए गए तीर्थस्थलों व मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया था?
यह भी पढ़ें- UP में टीबी मुक्त अभियान को मिली गति, ग्रामीण क्षेत्रों में 2 घंटे में जांच का दावा
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रयागराज में संगम तट पर लोकमाता की भव्य प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनके सम्मान में काशी विश्वनाथ कारिडोर, सोमनाथ मंदिर में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापना के साथ सिक्का और डाक टिकट जारी किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में मेडिकल कालेज का नाम उनके नाम पर स्थापित किया। पुण्यतिथि पर सभी जिलों में श्रद्धांजलि सभाएं, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।