कुशीनगर : आर्थिक तंगी के कारण नहीं टलेगा सफर, 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की तैयारी
उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है, जिससे कुशीनगर सहित राज्य भर ...और पढ़ें

सरकार के फैसले पर खुश हुईं महिलाएं।
HighLights
सरकार ने 60 वर्ष से अधिक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा दी।
यह सुविधा आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए वरदान साबित होगी।
कुशीनगर में महिलाओं ने इस फैसले का गर्मजोशी से स्वागत किया।
जागरण संवाददाता, कसया (कुशीनगर)। वृद्ध महिलाओं को अब यात्रा खर्च को लेकर चिंता नहीं करनी पड़ेगी। सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। इससे महिलाओं में प्रसन्नता की लहर है। उन्होंने इसे सम्मान, सुरक्षा, और आत्मनिर्भरता से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्वागत किया है।
सरकार के फैसले के तहत पात्र महिलाओं को उप्र राज्य परिवहन निगम की बसों में यात्रा के दौरान किराया नहीं देना होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की महिलाओं को सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्हें उपचार कराने, रिश्तेदारों से मिलने, धार्मिक स्थलों की यात्रा करने या अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने के लिए आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कस्बों और गांवों की वृद्ध महिलाओं का कहना है कि सीमित आय के कारण कई बार किराये का खर्च उनके लिए समस्या बन जाती थी। जरूरी कार्य होने के बावजूद उन्हें यात्रा टालनी पड़ती थी। मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से अब वह अपनी जरूरतों के लिए आसानी से घर से बाहर निकल सकेंगी। यह योजना वृद्धों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है। महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।
सरकार की यह सोच वृद्ध महिलाओं के हित में काफी सराहनीय है। पहले किराये के कारण कई बार रिश्तेदारी या धार्मिक यात्रा करने से हिचकती थीं। मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से हम अपनी जरूरत के हिसाब से आसानी से सफर कर सकेंगी। -श्याम दुलारी देवी
मेरा मायका 250 किमी दूर है, वहां जाने के लिए कई बार सोचना पड़ता था। सरकार ने मुफ्त यात्रा की सुविधा देकर हमें बड़ी सौगात दी है। महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुलभ परिवहन सुविधा की दिशा में संवेदनशीलता दिखाई है। -इंदू देवी
सरकार की ओर से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा की सूचना प्राप्त हुई है। योजना के संबंध में कोई शासनादेश अभी जारी नहीं हुआ है। शासन से निर्देश मिलते ही जिले में व्यवस्था लागू कराई जाएगी।- जयप्रकाश प्रधान, एआरएम, कुशीनगर