MLA Report Card: फाजिलनगर विधायक का रिपोर्ट कार्ड- विकास की रफ्तार और अधूरी उम्मीदें
विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने फाजिलनगर में कई विकास कार्य किए हैं, जिनमें नगर पंचायत का दर्जा और सड़क सुधार प्रमुख हैं। ...और पढ़ें

Uttar Pradesh MLA Report Card
HighLights
फाजिलनगर और दुदही को नगर पंचायत का दर्जा मिला।
सड़क कनेक्टिविटी बढ़ी, नए थाने व विद्युत उपकेंद्र बने।
पर्यटन, बिजली, जलभराव जैसी कई चुनौतियां अभी बाकी।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक के प्रयास से विकास गाड़ी तेज चली है, लेकिन स्टेशन तक पहुंचना बाकी है। फाजिलनगर व दुदही को नगर पंचायत का दर्जा मिलना, विधायक के रिपोर्ट कार्ड में सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में दर्ज है।
फोरलेन से सड़कों की कनेक्टिविटी बढ़ी है तो आवागमन संग रोजगार को भी बल मिला है। चौराखास में नया थाना बनना भी कानून व्यवस्था को लेकर उनके रिपोर्ट कार्ड में नंबर दर्ज करता है।
सुमहीं व पटहेरवा में नए विद्युत उपकेंद्र बनना व महासोन में प्रस्तावित बिजली घर, गोड़रिया मुड़ाडीह मार्ग पर अंतरराज्यीय प्रवेश द्वारा का निर्माण, कटेया मैनुद्दीन में मिनी स्टेडियम, फाजिलनगर ब्लाक कार्यालय को स्मार्ट ब्लाक की स्वीकृति दिलाना विकास कार्यों की फेहरिस्त में शामिल है।
विस क्षेत्र के वोटर
कुल मतदाता-350147
पुरुष मतदाता-192467
महिला मतदाता-157641
पर्यटन को लेकर फाजिलनगर के जैन मंदिर, नरायनपुर कोठी का चरयां माई मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार कार्य भी हुए हैं। मगर, बुद्ध व जैन धर्म से जुड़े कई ऐतिहासिक धरोहरों को अब भी देश के पर्यटन मानचित्र पर स्थान पाना शेष रह गया है।

बौद्ध परिपथ से बुद्ध गमनपथ के जुड़ने की उम्मीद, घोड़धाप तालाब, वीरभारी टीला, फरेंदहां का चुंद स्थल आदि की बदहाली, दशकों से बंद पड़ा अमवा तिवारी का शीतगृह आदि तक विधायक की विकास की गाड़ी अभी नहीं पहुंच सकी है। हालांकि, इसको लेकर उनका प्रयास दिखता जरूर है।
खबरें और भी
फाजिलनगर में फोरलेन पर बने दो ओवरब्रिज व एक निर्माणाधीन से रोजाना लगने वाले जाम की समस्या का निदान भी लोगों को नहीं मिल सका है। विधायक ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क को लेकर पूरा ध्यान रखा है। यही वजह रही है कि, 100 से अधिक सड़कों ने संपर्क मार्ग के जरिये विकास का नया खाका खींचा है।
दूसरी ओर जर्जर सड़कों से होकर गांव जाने की 200 से अधिक गांवों के ग्रामीणों की परेशानी दूर नहीं हो सकी है। विधायक के साथ सरकार की प्राथमिकता ने पर्यटन विकास के फलक पर नई चमक व पहचान देने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फाजिलनगर को उसके पुरानी समृद्धि के साथ जोड़ते हुए नया नाम पावागढ़ करने की घोषणा की है।

ऐसे में यह उपलब्धि भी विधायक के खाते में ही दर्ज है। बिजली की समस्या दूर करने का प्रयास जरूर दिखता है, लेकिन फाजिलनगर बिजली घर की क्षमता वृद्धि की दरकार बनी हुई है तो लो वोल्टेज व लोकल फाल्ट की समस्या भी बनी हुई है। नगर पंचायत फाजिलनगर के कस्बाई इलाके में जलभराव की गंभीर समस्या से लोगों को निजात मिलनी बाकी है।
विधायक की जुबानी
ट्रिपल इंजन सरकार ने ऐतिहासिक विकास की उपलब्धियां हासिल की हैं। सड़क, बिजली आपूर्ति, धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार, मिनी स्टेडियम और नगर पंचायतों का निर्माण जैसे विकास कार्य जनता के सामने हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा आश्वासन दिया है, ऐसे में शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण होंगे। शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक इसे ईमानदारी से पहुंचाने का कार्य किया गया है। फाजिलनगर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाना मेरी प्राथमिकता में है। इसको लेकर कार्य भी हो रहा है। बघौचघाट मोड़ पर बन रहे फोरलेन ओवरब्रिज से जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी। कार्यकर्ताओं के सहयोग व ताकत से मैंने विधानसभा क्षेत्र के कोने-काने तक विकास पहुंचाने का खाका खींचा। अधिकांश लक्ष्य हमने पूरा भी कर लिया है, जो शेष है, वह शेष नहीं रहेगा। रोजगार सृजन को लेकर भी कार्य किया गया है।
-सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, विधायक
प्रतिद्वंद्वी बोले-
मैं अब भी कुशीनगर से जुड़ा हुआ हूं, वह मेरे घर जैसा है। सरकार के इस कार्यकाल में फाजिलनगर के विकास का झूठा दावा किया जा रहा है। गांव-गरीब तक विकास पहुंचा ही नहीं है। आम आदमी की प्राथमिकता आवश्यकता बिजली, पानी अब भी इस क्षेत्र के लिए बेमानी है। विकास का मतलब, केवल सड़क बना देना नहीं होता, समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान असल विकास होता है। विधायक और उनकी सरकार ने इसको लेकर फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र में कुछ किया ही नहीं है। बुद्ध और महावीर की धरती अब भी अपनी विकास की हिस्सेदारी नहीं पा सकी है।
-स्वामी प्रसाद मौर्य, रनर अप
जनता की राय
विधायक सहज, सरल, मिलनसार व सर्वसुलभ हैं, जो उनकी सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र के समस्या समाधान के लिए सदैव प्रयासरत रहते हैं। जनता की समस्या के समाधान को लेकर भी प्रयत्नशील रहते हैं। जन कल्याणकारी योजना का लाभ सभी पात्र को मिले। इसके लिए प्रशासन को निर्देश देते रहते हैं।
-डाॅ. डीके गुप्ता, चिकित्सक
विधायक की पूंजी, पार्टी के प्रति निष्ठा की पारिवारिक पृष्ठभूमि है। मिलनसार स्वभाव विरासत को आगे बढ़ा रहा है। हर समय जनता की समस्या के लिए उपलब्ध रहते हैं। कोई भी उनसे जाकर मिल लेता है। जनता की उम्मीद की परीक्षा में पास होने के लिए कुछ कार्य ही शेष हैं।
-रामेश्वर सिंह, अधिवक्ता
प्रदेश के पर्यटन मानचित्र में शामिल कराने के लिए और बेहतर व सार्थक प्रयास होना अभी बाकी है। इससे युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। रोजगार की तलाश में शहरों की तरफ पलायन रुकेगा। जलभराव, बिजली, पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर और ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता बनी हुई है।
-डाॅ. केसी चौरसिया, शिक्षक
बंद पड़ा अमवा तिवारी शीतगृह, उपेक्षित ऐतिहासिक धरोहर व फाजिलनगर में लगने वाला जाम, पड़ोसी राज्य बिहार व देवरिया जिले से सटे इलाके तथा दुदही क्षेत्र के कुछ अति पिछड़े क्षेत्र में विकास की किरण पहुंचना बाकी है। ट्रिपल इंजन की सरकार में विकास में नाकामी के आरोप से बचना मुश्किल होगा।
-रामानंद गुप्ता, व्यापारी
यह भी पढ़ें- Naraini MLA Report Card: 21 करोड़ से अधिक के विकास कार्य के दावे, फिर भी जर्जर रास्तों की बदहाली नहीं हुई दूर
यह भी पढ़ें- Aryanagar MLA Report Card: विकास के दावों पर भारी पड़ी समस्याओं की चादर, जाम-जलभराव से जूझ रहा आर्यनगर