Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Aryanagar MLA Report Card: विकास के दावों पर भारी पड़ी समस्याओं की चादर, जाम-जलभराव से जूझ रहा आर्यनगर

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 07:42 PM (IST)

    कानपुर के आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास के बड़े दावों के बावजूद जाम, जलभराव और अतिक्रमण जैसी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। करोड़ों रुपये खर्च हो ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त विधानसभा क्षेत्रों में शामिल आर्यनगर विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच अब भी बुनियादी नागरिक सुविधाओं के संकट से जूझ रहा है। कानपुर के व्यापार और उद्योग की रीढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में बिरहाना रोड, नयागंज, जनरलगंज समेत शहर के प्रमुख बाजार स्थित हैं लेकिन जाम, पेयजल, सीवर, जलभराव और अतिक्रमण जैसी समस्याएं लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही हैं।

    क्षेत्र में मेट्रो परियोजना, स्मार्ट सिटी मिशन, मल्टी लेवल पार्किंग और अन्य शहरी विकास योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। इसके बावजूद बाजारों और मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे वाहन खड़े होने से पूरे दिन जाम लगता है। फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी मुश्किल है। बरसात के दौरान सिविल लाइंस, पीपीएन मार्केट, साइकिल मार्केट और आसपास के इलाकों में जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या गंभीर रूप ले लेती है।

    कई मोहल्लों में पेयजल पाइपलाइन लीकेज से नियमित जलापूर्ति प्रभावित रहती है। टूटी सड़कें, खुले बिजली के तार, ट्रांसफार्मरों के आसपास अव्यवस्था और सार्वजनिक शौचालयों की कमी भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। व्यापारिक क्षेत्र होने के बावजूद महिलाओं के लिए पर्याप्त सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास योजनाओं के निर्माण पर तो ध्यान दिया गया लेकिन उनके रखरखाव और नियमित निगरानी में कमी रही। यही वजह है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी नागरिकों को अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच आर्यनगर में विकास कार्यों के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा भी प्रमुख चुनावी विषय बनता नजर आ रहा है। 

    खबरें और भी

    जानिए- क्या कहना है विधायक का

    मेरे कार्यकाल में मल्टी लेवल पार्किंग, भूमिगत बिजली लाइन, पार्कों का विकास, ओपन जिम, स्कूल, अस्पताल, पेयजल और सीवर नेटवर्क के विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए। पिछले कुछ वर्षों में इन परियोजनाओं का समुचित रखरखाव न होने से समस्याएं दोबारा बढ़ गई हैं। स्कूलों का आधुनिकीकरण कराया गया है, जिससे अब गरीब घरों के बच्चे भी इंग्लिश मीडियम स्कूलों की तरह शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में डफरिन महिला चिकित्सालय में मेडिकल वार्ड पूरा वातानुकूलित किया गया। इसके अतिरिक्त वाल्मीकि धर्मशाला हरबंस मोहाल, सरसैया घाट में टिन शेड एवं सुंदरीकरण, हटिया स्थित पार्क में पंक्षी संरक्षण गृह, सीसी रोड, नाली, जलापूर्ति के काम हुए हैं।
    अमिताभ बाजपेई, विधायक आर्यनगर

     

    जनता ने कही ये बात

    पांच साल पूरे होने को हैं और इस अवधि में ऐसा कुछ नहीं हुआ, जिसे देखकर कुछ अच्छा कहा जा सके। रूलिंग पार्टी का विधायक होता तो कुछ कर भी पाता, मगर वह आवाज तो उठा सकते थे। उनके नजदीकियों ने उन्हें जनता से करीब नहीं आने दिया। लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनते तो भी हमें संतुष्टि होती, मगर जनता से दूरी बना रखी है।
    -अवनीश कुमार शुक्ल, एडवोकेट।


    सीएम ग्रिड के सारे काम अब तक अटके हैं। ग्रीन पार्क से मूलगंज चौराहे तक सड़क पर चलना संभव नहीं है। सड़क एक बार बनती है कोई दूसरा खोदना चालू कर देता है। जो सड़कें बन रही हैं उनमें भी फुटपाथ इतना चौड़ा कर दिया है कि सड़क और संकरी हो गई है। यहां पर यातायात दिनभर रेंगता है। ऐसे में विकास कहां, कोई खोजकर बताए।
    -भारतेंदु पुरी, प्राइवेट नौकरी।


    हम परमट में रहते हैं और हमारे क्षेत्र में खूब विकास हुआ है। एक-एक सड़क बन गई, नालियां बन गईं, गलियां बन गईं। स्कूल खुले और पुराने स्कूलों की मरम्मत भी हुई। पानी की सप्लाई के टंकी बनाई गई है। बस एक समस्या ये है कि पुलिस निरंकुश है। कानून व्यवस्था की हालत खराब होने से न्याय मिलना आसान नहीं रह गया है।
    -मनोज सिंह, कृषि व्यवसायी।


    काम तो हुए हैं लेकिन कुछ समस्याएं भी हैं। बाजार में एक भी पिंक टायलेट नहीं है, जिसकी वजह से महिलाओं को समस्या का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण मुख्य बाजार की सड़कों को निगल गया है। जो सड़क बची हैं, उसे भी किसी न किसी विभाग ने खोद रखा है। यातायात की हालत ये है कि कई बार तो पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
    -प्रशांत कुमार, व्यापारी।


    विधानसभा क्षेत्र: आर्यनगर

    • कुल मतदाता :- 221779
    • पुरुष मतदाता :- 117652
    • महिला मतदाता :- 104104
    • अन्य :- 23