Weather Alert: मौसम का बड़ा यू-टर्न, कानपुर समेत UP के इन जिलों में अगले 72 घंटे भारी; IMD का रेड अलर्ट
Weather Alert: उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण कानपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में 31 मई तक मौसम में बदलाव रहेगा। मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है।

(Photo Source - AI Generated)
HighLights
पश्चिमी विक्षोभ से कानपुर समेत यूपी में बदलेगा मौसम
31 मई तक आंधी, बारिश, ओलावृष्टि का रेड अलर्ट
तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव
जागरण संवाददाता, कानपुर। Weather Alert: भीषण गर्मी और लगातार चल रही हीट वेव के बीच अब मौसम बदलने के संकेत मिलने लगे हैं। उत्तर भारत में सक्रिय हुए सशक्त पश्चिमी विक्षोभ का असर गुरुवार से कानपुर समेत पूरे प्रदेश में दिखाई देने लगा। मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट हटाते हुए आंधी-पानी का रेड, आरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन दिनों में तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। यूपी के कई जिलों सहित कानपुर के लिए बारिश और आंधी का रेड अलर्ट जारी किया है।
आज 42.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा तापमान
गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 42.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि तेज धूप खिली रही, पर हवा में नमी के बाद भी लोगों को तपिश महसूस हुई। सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे रहे और पराबैंगनी किरणें (यूवी) का सीधे धरती पर पड़ने के कारण यूवी इंडेक्स 11 के पार पहुंच गया। 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही लू ने लोगों को झुलसाए रखा।
न्यूनतम तापमान में हुई वृद्धि
अवकाश दिवस होने के कारण सड़कों पर भीड़ कम रही, जबकि दोपहर में ज्यादातर इलाके सुनसान नजर आए। वहीं आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने से न्यूनतम तापमान 25.8 से बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नमी बढ़ने से लोगों को उमस और घुटन भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम आर्द्रता 67 प्रतिशत और न्यूनतम 26 प्रतिशत दर्ज की गई।
पश्चिमी विक्षोभ काफी मजबूत
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान की ओर से आ रहा पश्चिमी विक्षोभ काफी मजबूत है। इसका असर उत्तर प्रदेश समेत छह राज्यों पर पड़ेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार सामान्य तौर पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। विभाग ने पूरे उत्तर प्रदेश में शुक्रवार और शनिवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुवार रात से मौसम में बदलाव और तेज होने के संकेत मिले।
31 मई तक आंधी पानी का दौर रहेगा जारी
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 31 मई तक कानपुर सहित पूरे प्रदेश में आंधी-पानी का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 31 मई तक मौसम में बदलाव बना रहेगा। इस दौरान आंधी-पानी के साथ तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन जून के पहले सप्ताह के अंत तक फिर से हीट वेव लौट सकती है।

