विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Cyber Attack: कानपुर नगर निगम की वेबसाइट पर साइबर अटैक, दस्तावेज हैक, लखनऊ से लेकर दिल्ली तक मचा हड़कंप

By Rahul ShuklaEdited By: Anurag Shukla
Updated: Thu, 28 May 2026 05:49 PM (IST)

कानपुर नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर साइबर हमला हुआ, जिससे ऑनलाइन जनहित सेवाएं और महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य बाधित हो गए। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) की टीम वेबसाइट को बहाल करने और डेटा सुरक्षा की जांच में जुटी है, जिससे दिल्ली तक हड़कंप मच गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1.  नगर निगम की मुख्य आधिकारिक वेबसाइट दोपहर में हुई हैक

  2. राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) की टीम तत्काल अलर्ट

  3. टेंडर, आनलाइन प्रस्ताव, कर भुगतान और अन्य डिजिटल सेवाएं बंद

जागरण संवाददाता, कानपुर। नगर निगम की मुख्य आधिकारिक वेबसाइट (www.kmc.up.nic.in) गुरुवार दोपहर अचानक हैक हो गई। हाई-प्रोफाइल साइबर हमले की जानकारी मिलते ही कानपुर से लेकर राजधानी दिल्ली तक प्रशासनिक और आईटी महकमे में हड़कंप मच गया। वेबसाइट ठप होने से नगर निगम की तमाम आनलाइन जनहित सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं।

बताया जा रहा है कि वेबसाइट पर तकनीकी सेंधमारी होते ही राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) की टीम तत्काल अलर्ट मोड पर आ गई। सरकारी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली एनआईसी के इंजीनियरों ने मोर्चा संभाल लिया है। दिल्ली और लखनऊ से वरिष्ठ आईटी विशेषज्ञों की टीम भी मामले की निगरानी कर रही है। साइबर हमले की वजह और डेटा सुरक्षा को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

वेबसाइट हैक होने से नगर निगम के महत्वपूर्ण आनलाइन कार्य पूरी तरह बाधित हो गए हैं। विकास कार्यों से जुड़े टेंडर, आनलाइन प्रस्ताव, कर भुगतान और अन्य डिजिटल सेवाएं बंद हो गई हैं। इससे न केवल आम नागरिकों बल्कि ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों के कामकाज पर भी असर पड़ा है।

विभागीय कर्मचारियों के अनुसार, नगर निगम कर्मचारियों के वेतन और भत्तों से संबंधित आनलाइन डेटा और सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। इसके चलते कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि यदि समय रहते सिस्टम बहाल नहीं हुआ तो कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं। 

नगर निगम की वेबसाइट हैक की जानकारी साफ्टवेयर इंजीनियर अनिल विश्नोई ने नगर निगम के आईटी विभाग को दी। जिसके बाद नगर निगम हरकत में आया। इधर, एनआईसी की टीम वेबसाइट को दोबारा सुरक्षित तरीके से चालू करने में जुटी हुई है। इस मामले में एनआईसी प्रभारी अंजन कुमार गोस्वामी से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।


नगर निगम के वेब डेवलपर संदीप तिवारी ने बताया कि टेंडर की निविदाएं, पुराना बजट और महापौर का नाम व अफसरों का नाम व जानकारी हैक हो गई ङै। इससे का असर जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र पर नहीं पड़ेगा। इसकी वेबसाइड अलग है। साथ ही वेतन व पेंशन की भी साइड अलग और गृहकर आनलाइन जमा करने में दिक्कत नहीं आएगी।