Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आंसर बुक में लिखे थे मोबाइल नंबर, यूपी में करीब एक हजार पॉलीटेक्निक छात्रों का रिजल्ट रोका गया

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 10:16 AM (GMT+05:30)

    प्राविधिक शिक्षा परिषद ने अनुचित साधनों के प्रयोग पर 194 छात्रों का परिणाम रोका है। वहीं, उत्तर पुस्तिका पर मोबाइल नंबर लिखने वाले 896 विद्यार्थियों क ...और पढ़ें

    तस्वीर- फाइल।

    तस्वीर- फाइल।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, कानपुर। प्राविधिक शिक्षा परिषद की मई-जून 2026 की सेमेस्टर परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग के आरोप में 194 छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम रोक दिया गया है।

    परिषद ने इन विद्यार्थियों को अपना पक्ष रखने के लिए एक माह का समय दिया है। वहीं उत्तर पुस्तिका पर मोबाइल नंबर लिखने वाले 896 विद्यार्थियों को संबंधित विषय में शून्य अंक दिए गए हैं। यह मामला आनलाइन मूल्यांकन के दौरान सामने आया।

    प्राविधिक शिक्षा परिषद की परीक्षा समिति की 27 जुलाई को हुई बैठक में इस कार्रवाई पर मुहर लगाई गई। परिषद के निदेशक प्रभाकर चंद्र मिश्र ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन कराया गया।

    प्रदेश के 157 राजकीय एवं अनुदानित पॉलीटेक्निक संस्थानों में उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन कर ऑनलाइन अपलोड किया गया, जिसके बाद परीक्षकों ने डिजिटल माध्यम से मूल्यांकन किया। इसी प्रक्रिया में कई उत्तर पुस्तिकाओं पर छात्रों द्वारा मोबाइल नंबर और अन्य पहचान संबंधी जानकारी लिखे होने की पुष्टि हुई।

    उन्होंने बताया कि परीक्षा नियमावली के अनुसार उत्तर पुस्तिका पर किसी भी प्रकार की पहचान दर्ज करना प्रतिबंधित है। इसलिए मोबाइल नंबर लिखने वाले 896 विद्यार्थियों को संबंधित विषय में शून्य अंक देने का निर्णय लिया गया।

    वहीं जिन 194 विद्यार्थियों का परिणाम रोका गया है, उन्हें एक माह के भीतर परिषद के समक्ष आपत्ति एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। इसके बाद परीक्षा समिति उनके मामले में अंतिम निर्णय लेगी।

    इस वर्ष 4 मई से 5 जून तक प्रदेश के 236 परीक्षा केंद्रों पर सम सेमेस्टर, वार्षिक और विशेष बैक पेपर परीक्षाएं आयोजित हुई थीं। इनमें 2.68 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन 157 केंद्रों पर कराया गया।

    खबरें और भी

    परिषद ने डिप्लोमा इंजीनियरिंग अंतिम सेमेस्टर, फार्मेसी प्रथम एवं अंतिम वर्ष तथा विशेष बैक पेपर परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया है। डिप्लोमा इंजीनियरिंग अंतिम सेमेस्टर का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.42 और फार्मेसी का 62.69 प्रतिशत रहा। निदेशक प्रभाकर चंद्र मिश्र ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए परिषद आगे भी नियमों का कड़ाई से पालन कराएगी।

    यह भी पढ़ें- यूपी में पॉलीटेक्निक काउंसिलिंग का तीसरा चरण खत्म, सरकारी संस्थानों की लगभग 94 प्रतिशत सीटें भरीं