विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रगान के बीच जाने के आरोपों को विधानसभा अध्यक्ष महाना ने नकारा, कांग्रेस का हमला-52 सेकंड भी नहीं रुक पाए

Published: Sun, 23 Aug 2026 10:02 PM (IST)

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम से जाने के वायरल वीडियो पर सफाई दी है, जिसे उन्होंने ...और पढ़ें

सलामी लेते विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना। वीडियो ग्रैब

सलामी लेते विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. एक्स अकाउंट पर अपना पक्ष रखते हुए विधानसभा अध्यक्ष बोले भ्रांमक जानकारी प्रसारित हुई

  2. गार्ड ऑफ ऑनर और राष्ट्रगान अलग-अलग कार्यक्रम थे, प्रेक्षागृह में हो रहा था राष्ट्रगान

  3. कांग्रेस नेताओं ने इंटरनेट मीडिया में बयान पोस्ट कर की आलोचना, पुतला दहन का किया प्रयास

जागरण संवाददाता, कानपुर। इंटरनेट मीडिया में प्रचलित वीडियो को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने लगभग 20 घंटे बाद सफाई दी है। उन्होंने एक्स अकाउंट पर लिखा कि राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम से चले जाने के वीडियो भ्रामक है। तथ्यों की पड़ताल के बाद ही इस विषय पर चर्चा करनी चाहिए। रविवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद उन्होंने पूरे मामले में सफाई दी।

दरअसल शनिवार को उन्नाव के एसवीएम इंटर कालेज, संतपूरन दास नगर के आस्था सभागार में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 46वें प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ।

वीडियो में विधानसभा अध्यक्ष को गार्ड आफ आनर दिए जाने के दौरान राष्ट्रगान बजने दावा किया गया। प्रसारित वीडियो में गार्ड आफ आनर के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वहां से जाते दिखाई दे रहे हैं और इसी दौरान राष्ट्रगान की आवाज सुनाई दे रही थी। वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी के साथ प्रसारित हुआ, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज करना शुरू कर दिया।

उन्नाव जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता दिनेश शुक्ला ने वीडियो फेसबुक पर साझा कर सवाल उठाए। वहीं रविवार को कांग्रेस दक्षिण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ल ने भी इस मामले विरोध जताते हुए कोतवाली क्षेत्र में पुतला दहन का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने पुतला छीनकर मामला शांत कराया। 

 

विवाद बढ़ने के करीब 20 घंटे बाद रविवार शाम छह बजे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर पूरे मामले में सफाई दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में सही तथ्यों की जानकारी होना जरूरी है और किसी प्रकार का भ्रम नहीं फैलना चाहिए।

महाना ने स्पष्ट किया कि उन्नाव में उन्हें गार्ड आफ आनर दिए जाने के दौरान संयोगवश उसी समय प्रेक्षागृह (आडिटोरियम) के भीतर राष्ट्रगान शुरू हुआ था। उस समय वह प्रेक्षागृह के अंदर मौजूद नहीं थे। उनके मुताबिक गार्ड आफ आनर और राष्ट्रगान दोनों अलग-अलग कार्यक्रम थे। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर वीडियो के आधार पर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, जैसे राष्ट्रगान के समय वह वहां से चले गए हों, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ।

विधानसभा अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में संविधान और राष्ट्रगान के सम्मान को सर्वोच्च बताते हुए कहा कि विधानसभा से लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र तक उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने सदैव संविधान व राष्ट्रगान का सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी विषय पर चर्चा करने से पहले तथ्यों की सत्यता की जांच अवश्य कर लें। 

 

कांग्रेस बोली- देश से माफी मांगें

कांग्रेस पार्टी ने अपने एक्स अकाउंट से विधानसभा अध्यक्ष का वीडियो साझा कर लिखा कि राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष 52 सेकंड भी नहीं रुके पाए। कांग्रेस ने इसे राष्ट्रगान का अपमान बताते हुए महाना, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा से देश से माफी मांगने की मांग की।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रगान के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के जाने का वीडियो वायरल, सियासत गर्म, कांग्रेस का हमला

 

यह भी पढ़ें: जानें राष्ट्रगान के क्या हैं नियम