कानपुर में इसी सप्ताह तैयार हो जाएगा जमीन-मकान के नए सर्किल रेट, जानें कब से होंगे लागू
कानपुर में जमीन, दुकान, मकान के नए सर्किल रेट सितंबर से लागू होंगे। सब रजिस्ट्रार इसी सप्ताह प्रस्ताव देंगे, जिसके बाद आपत्तियों का निस्तारण कर जिलाधि ...और पढ़ें

HighLights
नए सर्किल रेट कानपुर में सितंबर से लागू होंगे
सब रजिस्ट्रार इसी सप्ताह प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे
कुछ क्षेत्रों में 10-12 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित है
जागरण संवाददाता, कानपुर। अब जमीन, दुकान, मकान, फ्लैट के नए सर्किल रेट सितंबर से लागू होंगे। इसी सप्ताह सभी सब रजिस्ट्रार नए सर्किल रेट के प्रस्ताव दे देंगे। इसके बाद प्रस्तावों पर आपत्तियों का निस्तारण होगा। फिर जिलाधिकारी नए सर्किल रेट की सूची फाइनल करेंगे।
अभी तक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू करने की तैयारी थी। इन प्रस्तावों पर 30 जून तक आपत्तियां मांगी जानी थी। सभी सब रजिस्ट्रार को इन आपत्तियों का निस्तारण 31 जुलाई तक करना था। निर्धारित प्रारूप पर मानकीकृत मूल्यांकन सूची तैयार न होने से तय समय पर रेट लागू नहीं हो सकेंगे। सब रजिस्ट्रार नए सर्किल रेट के प्रस्ताव देंगे।
कुछ क्षेत्रों में 10-12 प्रतिशत तक जमीनों के रेट बढ़ाने के प्रस्ताव तैयार हुए हैं। मानकीकृत सूची के हिसाब से कुछ मोहल्लों के नए सर्किल रेट फिट नहीं बैठ रहे हैं। इसलिए सब रजिस्ट्रारों को प्रस्ताव फाइनल करने में दिक्कत आ रही है। इस पर मंथन चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि इसी सप्ताह के अंत तक सभी सब रजिस्ट्रार प्रस्ताव देंगे।
नई मानकीकृत मूल्यांकन सूची में तीन, छह, नौ, 12, 15, 18 और 18 मीटर से ज्यादा चौड़ी सड़क के आधार पर सर्किल रेट तय होंगे। सेगमेंट रोड (चिह्नित सड़कों) पर एक जैसे सर्किल रेट तय किए जाने हैं। अभी यह रेट अलग-अलग हैं। एआइजी स्टांप अलका सिंह का कहना है कि इसी सप्ताह के अंत तक नए सर्किल रेट के प्रस्ताव तैयार हो जाएंगे।