Silver महंगी होने के अनुमान से कानपुर सराफा बाजार में मची खलबली, फ्री श्रेणी से हटकर प्रतिबंधित लिस्ट में आया सिल्वर बार
सरकार ने चांदी के सिल्वर बार के आयात को 'प्रतिबंधित' श्रेणी में डाल दिया है, जिससे तस्करी पर लगाम लगेगी। इस फैसले से कानपुर सहित देश भर में चांदी की क ...और पढ़ें

HighLights
चांदी सिल्वर बार का आयात अब 'प्रतिबंधित' श्रेणी में
कानपुर सराफा बाजार में चांदी की कीमतें बढ़ने की संभावना
आभूषण और औद्योगिक क्षेत्र की निर्माण लागत बढ़ेगी
जागरण संवाददाता, कानपुर। देश में सोने के बाद अब चांदी के बढ़ते आयात और अनियंत्रित बाजार को थामने के लिए सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने चांदी की सिल्वर बार के आयात को तत्काल प्रभाव से ''फ्री'' श्रेणी से हटाकर ''प्रतिबंधित'' श्रेणी में डाल दिया है। इस फैसले का सीधा असर कानपुर के नयागंज, बिरहाना रोड और चौक सराफा बाजार सहित उत्तर प्रदेश के आभूषण और औद्योगिक क्षेत्र पर देखने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के अनुसार इस नीतिगत बदलाव का मतलब यह नहीं है कि देश में चांदी का आयात पूरी तरह बंद हो गया है, बल्कि अब कोई भी कारोबारी बिना सरकार की विशेष अनुमति (लाइसेंस) के बड़ी मात्रा में इसका आयात नहीं कर सकेगा। कानपुर सराफा कमेटी के पदाधिकारियों के अनुसार, इस फैसले से बाजार में चांदी की आपूर्ति सीमित हो सकती है, जिससे आने वाले दिनों में चांदी की कीमतों में तेजी आने की पूरी संभावना है। आपूर्ति पर नियंत्रण होने से स्थानीय ज्वेलरी उद्योग की निर्माण लागत (मैन्युफैक्चरिंग कास्ट) बढ़ जाएगी, जिससे आम उपभोक्ताओं के लिए चांदी के आभूषण और बर्तन महंगे हो सकते हैं।
कारोबारियों का मानना है कि जहां एक ओर सरकार के इस कदम से विदेशी मुद्रा की बचत होगी और चांदी के अनियंत्रित आयात पर लगाम लगेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर जेवर निर्माताओं के लिए कच्चे माल की उपलब्धता थोड़ी जटिल हो सकती है। चांदी सिर्फ आभूषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक प्रमुख औद्योगिक धातु भी है। कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्थापित इलेक्ट्रानिक्स और तेजी से बढ़ रहे सोलर पैनल उद्योग में चांदी का बड़े पैमाने पर उपयोग होता है।
इस नए प्रतिबंध के कारण इन उद्योगों को भी अब चांदी ऊंचे दामों पर मिल सकती है। जानकारों के मुताबिक, सोलर सेल और इलेक्ट्रानिक कंपोनेंट्स बनाने वाली कंपनियों की उत्पादन लागत बढ़ने से घरेलू बाजार में सोलर पैनल और बिजली के उपकरणों की कीमतें बढ़ सकती हैं।
आयात पर सख्ती होने से अब बाजार में पुराने आभूषणों और घरेलू स्तर पर मौजूद चांदी के रोटेशन को बढ़ावा मिलेगा। चांदी के दाम बढ़ने की संभावना प्रबल हो गई है।
- रवि गुप्ता , महामंत्री कानपुर सराफा कमेटी नयागंज
वास्तविक आभूषण निर्माताओं और औद्योगिक इकाइयों के लिए लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सरल रखा जाए, ताकि त्योहारों और शादियों के सीजन में बाजार में कच्चे माल का संकट न खड़ा हो।
- राम किशोर मिश्रा, मंत्री उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन
यह भी पढ़ें- ग्राहकों की चांदी! पुराना सोना बेचने पर मिलेगा 1% ज्यादा दाम; UP के सराफा कारोबारियों का बड़ा एलान