विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर AWEIL की नई पहल: अब लंबित नहीं रहेगी फाइल, प्रकरण के समाधान में देरी पर तय होगी जवाबदेही

Published: Thu, 08 Oct 2026 06:34 PM (GMT+05:30)

आयुध निर्माणियों में अब शिकायतों और फाइलों के लंबित रहने पर जवाबदेही तय होगी, AWEIL कानपुर ने सख्ती की है। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. आयुध निर्माणियों में अब फाइलें लंबित नहीं रहेंगी।

  2. देरी होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी।

  3. सतर्कता जागरूकता सप्ताह 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' मनाया जाएगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। आयुध निर्माणियों में शिकायतें हों या संबंधित सेक्शन के कार्यों की फाइलें अब लटकेगी नहीं। हर फाइल के निस्तारण में देरी होने पर जवाबदेही तय होगी। रक्षा मंत्रालय के पीएसयू एडवांस्ड वेपंस एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (एडब्ल्यूईआइएल) के शीर्ष अधिकारी लंबित प्रकरण को लेकर गंभीर है।

इसी क्रम में अर्मापुर मुख्यालय में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम में अधिकारियों और सेक्शन प्रभारियों को कार्यस्थल से जुड़े अहम बिंदुओं पर जागरूक किया जाएगा। इसमें लंबित शिकायतों और मामलों के समयबद्ध निपटारे, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, डिजिटल पहल को बढ़ावा देने और अनुबंध प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं।

पारदर्शी कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए इन बिंदुओं पर जागरूकता जरूरी हो गई है। एडब्ल्यूईआइएल के निदेशक (मानव संसाधन) मानस कबिराज ने बताया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देश पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाता है।

इसके अंतर्गत सरकारी विभागों और पीएसयू में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों को जागरूक करना, पारदर्शी और ईमानदारीपूर्वक कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना, कर्मचारियों और अधिकारियों को नियमों और डिजिटल पहल के प्रति सजग करना उद्देश्य है। इस सप्ताह के अंतर्गत होने वाली जागरूक करने वाली गतिविधियां कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।

बता दें, रक्षा कंपनी के अतर्गत कानपुर के अर्मापुर स्थित फील्ड गन फैक्ट्री, स्माल आर्म्स फैक्ट्री व आयुध निर्माणी कानपुर, गन कैरिज फैक्ट्री (जबलपुर), गन एंड शेल फैक्ट्री (कोसीपोर, कोलकाता), राइफल फैक्ट्री (ईशापुर, पश्चिम बंगाल), आयुध निर्माणी (त्रिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु), आयुध निर्माणी परियोजना (कोरबा, अमेठी) संचालित हैं।

यह भी पढ़ें- UP के गांव के सरकारी स्कूल से पढ़ाई शुरू करने वाले डॉ. रामकरण दुनिया के टॉप 5% वैज्ञानिकों में शामिल