जौनपुर में संदिग्ध हालात में व्यक्ति का पेड़ में फंदे से लटका मिला शव, हत्या की आशंका
जौनपुर के गनेशपुर गांव में 55 वर्षीय राय साहब चौहान का शव पेड़ से लटका मिला, जिसे ग्रामीण संदिग्ध मान रहे हैं क्योंकि उनके पैर जमीन छू रहे थे। पुलिस न ...और पढ़ें

संदिग्ध हालात में व्यक्ति का पेड़ में फंदे से लटका मिला शव।
HighLights
55 वर्षीय राय साहब चौहान का शव पेड़ से लटका मिला।
पैर जमीन छूने से ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
जागरण संवाददाता, बरसठी (जौनपुर)। क्षेत्र के गनेशपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक 55 वर्षीय राय साहब चौहान का पेड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका शव मिला। पैर जमीन छूते होने से ग्रामीण घटना को संदिग्ध मान रहे हैं।
मूल रूप से वाराणसी जिले के सिंधोरा थाना क्षेत्र के करेमुआ गांव निवासी राय साहब कई वर्षों से गनेशपुर में ननिहाल में रह रहे थे। वह यदा-कदा वाराणसी भी आते-जाते थे।
घर के बगल में ही शीशम के पेड़ में फंदे से लटका शव देख किसी ग्रामीण ने शोर मचाया तो मौके पर लोग जुट गए। मृत राय साहब की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी रीता इस समय मायके में थी, जबकि दूसरी पूनम उनके साथ रह रही थी।
ग्रामीणों में चर्चा है कि राय साहब चौहान व पूनम के बीच कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनातनी चल रही थी। राय साहब को दोनों पत्नियों से कोई संतान नहीं थी।
थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने कहा सरसरी तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।