विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस: दूध पीने के बाद चार साल के मासूम मौत, पिता-बड़ा बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Published: Sat, 24 Oct 2026 12:18 PM (IST)

हाथरस के खंदारी गढ़ी में दूध पीने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसमें ...और पढ़ें

आशू फाइल फोटो।

आशू फाइल फोटो।

HighLights

  1. दूध पीने से चार साल के मासूम की मृत्यु हुई।

  2. पिता और बड़ा बेटा गंभीर, अलीगढ़ रेफर किए गए।

  3. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला खंदारी गढ़ी में गुरुवार रात दूध पीने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। इनमें चार साल के मासूम की मृत्यु हो गई, जबकि उसके पिता और छह साल के बड़े भाई की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
खंदारी गढ़ी में मोहम्मद दानिश अपनी पत्नी काजल और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते हैं। परिवार करीब आठ दिन पहले ही यहां रहने आया था।

दानिश मूल रूप से गिजरौली के निवासी हैं। गुरुवार रात करीब 10 बजे काजल ने पति और दोनों बच्चों को दूध पीने के लिए दिया था। कुछ घंटे बाद तीनों की हालत बिगड़ने लगी।

हाथरस गेट क्षेत्र के खंदारी गढ़ी में देर रात बिगड़ी तीनों की हालत

देर रात करीब दानिश, जोऐब (6) और आशु (4) को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद आशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद दानिश और जोऐब को विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका के चलते अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में चर्चाएं शुरू हो गईं।

मकान मालिक ने मामले के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। दूध के नमूने की जांच और महिला से पूछताछ सहित अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

सात साल पहले की थी लव मैरिज, विवाद के बाद अलग रहने लगी थी काजल

खंदारी गढ़ी में दूध पीने के बाद बच्चे की मृत्यु और पिता-बेटे की हालत बिगड़ने के मामले में काजल के पूर्व पति जाहिद ने आरोप लगाया है कि जाहिद और काजल ने करीब सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बेटे हैं। दंपती के बीच विवाद होने के बाद काजल बच्चों के साथ अलग रहने लगी थी। वह पिछले करीब छह महीने से दानिश के साथ रह रही थी। घटना में बच्चे की मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चलेगा।

यह भी पढ़ें- हाथरस में 145 करोड़ से बनेगा बाईपास: 8.2 KM होगा लंबा, इन गांवों को मिलेगी बड़ी राहत

पुलिस को नहीं मिली शिकायत

सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में कोई भी लिखित शिकायत नहीं मिली है। पूरे मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।