हाथरस में 145 करोड़ से बनेगा बाईपास: 8.2 KM होगा लंबा, इन गांवों को मिलेगी बड़ी राहत
हाथरस में नगला भुस-मीतई तिराहे से पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-530बी तक 8.2 किमी लंबा बाईपास बनेगा, जिसकी अनुमानित लागत 145.13 करोड़ रुपये है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
हाथरस में 8.2 किमी लंबा बाईपास प्रस्तावित।
परियोजना की अनुमानित लागत 145.13 करोड़ रुपये।
ग्रामीण क्षेत्रों को प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ेगा।
जागरण संवाददाता, हाथरस। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़, सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नगला भुस-मीतई तिराहे से पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-530बी तक प्रस्तावित बाईपास मार्ग का निर्माण महत्वपूर्ण साबित होगा। इस बाईपास के निर्माण से जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होने के साथ ही प्रमुख मार्गों तक आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित बाईपास की लंबाई 8.200 किलोमीटर व चौड़ाई सात मीटर निर्धारित की गई है। इसकी अनुमानित लागत 14 हजार 513.51 लाख रुपये है।
बाईपास के माध्यम से इन क्षेत्रों के लोगों को प्रमुख मार्गों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी
पूर्व में तैयार कार्ययोजना शासन को प्रेषित किए जाने के उपरांत जो आपत्तियां सामने आई हैं, उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को डीएम ने कहा है ताकि बाईपास निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाया जा सके।
अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग संजीव वर्मा ने अवगत कराया कि प्रस्तावित बाईपास के निर्माण से जनपद हाथरस के पापरी, कटैलिया, पैकवाड़ा, कुम्हरई, गढ़ी जैनी, टिपरस, गढ़ी गिरधरा, बौजिया, सोखना, रूहेरी, मीतई, कलवारी, तरफरा, ढकपुरा, दादनपुर सहित अन्य गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
नगला भुस-मीतई तिराहे से पुराने एनएच-530बी तक बनेगा 8.2 किलोमीटर का बाईपास
बाईपास के माध्यम से इन क्षेत्रों के लोगों को प्रमुख मार्गों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय सड़क संपर्क को मजबूती मिलेगी। प्रस्तावित बाईपास से एनएच-530बी एवं एनएच-509 सहित विभिन्न प्रमुख मार्ग जुड़ेंगे। इसके अतिरिक्त वाहनपुर-कंचना फाटक से मथुरा सीमा तक पुराने एनएच-530बी के आंतरिक भाग, हाथरस-जलेसर मार्ग, एनएच-93 से कलवारी होते हुए हाथरस-जलेसर मार्ग तथा चंद्रगढ़ी-पापरी-गढ़ी जैनी मार्ग को भी इससे संपर्क सुविधा मिलने का प्रस्ताव है।
प्रस्तावित बाईपास मार्ग जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों को प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों एवं अन्य महत्वपूर्ण सड़कों से जोड़ने में सहायक होगा।
यह भी पढ़ें- हाथरस में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने को देना होगा टेस्ट, आटोमेटेड ट्रैक हो रहा है तैयार
यह भी पढ़ें- हाथरस जंक्शन से दिल्ली के लिए दो नई ट्रेनें, त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत
